रणहौला पुलिस ने चंचल पार्क के पास से दबोचा शातिर बदमाश, चोरी का मोबाइल और चाकू बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के बाहरी जिले की रणहौला थाना पुलिस ने अपराध नियंत्रण और अपराधियों की धरपकड़ के अभियान के तहत एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुमित धारा उर्फ डेविल (25 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बापरौला, दिल्ली का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध बटनदार चाकू और चोरी का एक मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी रणहौला थाने का घोषित ‘बैड कैरेक्टर’ है और उस पर पहले से 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

आउटर जिले के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि 7 मई की रात रणहौला थाने के हेड कांस्टेबल प्रदीप और हेड कांस्टेबल मंजीत इलाके में गश्त पर थे। रात की गश्त के दौरान जब टीम पुलिस एन्क्लेव, चंचल पार्क के पास पहुँची, तो उन्होंने एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा। पुलिस टीम को देखते ही उसने खुद को छिपाने का प्रयास किया।

पुलिस कर्मियों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाई और संदिग्ध को घेराबंदी कर दबोच लिया। जब उसकी व्यक्तिगत तलाशी ली गई, तो उसके पास से एक अवैध बटनदार चाकू और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस ने जब बरामद मोबाइल के आईएमईआई नंबर की जांच की, तो पता चला कि यह मोबाइल फोन रणहौला थाने में ही दर्ज एक चोरी के मामले से संबंधित है।

इस संबंध में रणहौला थाने में आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी सुमित धारा उर्फ डेविल एक आदतन अपराधी है और इलाके में अपनी दहशत बनाए रखने के लिए अवैध हथियार रखता था। इस गिरफ्तारी से पुलिस ने चोरी का एक मामला भी सुलझा लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More