डिलीवरी बॉय से लूट करने वाले तीन बदमाश धरे गए, निहाल विहार पुलिस ने लूटी गई ई-स्कूटी की बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के बाहरी जिले की निहाल विहार थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए लूट के एक सनसनीखेज मामले को महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान नितिन (21 वर्ष), मोहित (20 वर्ष) और आकाश (19 वर्ष) के रूप में हुई है। ये तीनों आरोपी चंद्र विहार, दिल्ली के ही रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटी गई ई-स्कूटी और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।

8 मई को निहाल विहार थाने में एक डिलीवरी एग्जीक्यूटिव ने शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि जब वह विकासपुरी से चंद्र विहार ऑर्डर देने जा रहा था, तब मां भवानी वर्कशॉप के पास एक व्यक्ति ने उसे रोका। कुछ ही देर में उसके दो अन्य साथी भी वहां आ गए। तीनों ने मिलकर जबरन ई-स्कूटी की चाबियां छीन लीं, उसे धक्का दिया और स्कूटी लूटकर फरार हो गए। इस शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी पश्चिम विहार राजबीर लांबा के पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी निहाल विहार इंस्पेक्टर शीशपाल के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। इस टीम में एएसआई जल सिंह, हेड कांस्टेबल मनी राम, देवेंद्र और कांस्टेबल विवेक शामिल थे। जांच के दौरान टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी सर्विलांस की मदद ली।

पुलिस की मेहनत रंग लाई और लूटी गई स्कूटी को हरि नगर इलाके से ट्रैक कर बरामद कर लिया गया। इसी बीच, पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी चंद्र विहार इलाके में छिपे हुए हैं। पुलिस ने तुरंत छापेमारी की और तीनों आरोपियों को दबोच लिया। आरोपी नितिन के पास से वह मोटरसाइकिल भी बरामद हो गई जिसका इस्तेमाल लूट के दौरान किया गया था।

पकड़े गए आरोपियों में से आकाश का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह पहले भी दो आपराधिक मामलों में शामिल पाया गया है। पुलिस ने सभी बरामद सामान को जब्त कर लिया है और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या यह गिरोह अन्य लूटपाट की घटनाओं में भी शामिल रहा है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More