भजनपुरा मेट्रो स्टेशन के पास भीषण सड़क हादसा, कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजुरी खास थाना क्षेत्र अंतर्गत भजनपुरा मेट्रो स्टेशन के पास शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। एक तेज रफ्तार मारुति सेलेरियो कार ने पीछे से बुलेट मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस और पीसीआर वैन ने तत्काल दोनों घायलों को जेपीसी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान करावल नगर निवासी रोहित (31 वर्ष) और हेमंत (33 वर्ष) के रूप में हुई है। खजुरी खास थाना पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी कार चालक हिमांशु (27 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात की है, जब रोहित और हेमंत अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से जा रहे थे। जैसे ही वे भजनपुरा मेट्रो स्टेशन के समीप पहुंचे, पीछे से आ रही तेज रफ्तार सेलेरियो कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और उन्हें गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों वाहनों को कब्जे में लिया।

सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने सड़क पर मौजूद टायरों के निशान और वाहनों की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने बताया कि आरोपी चालक हिमांशु को मौके से ही हिरासत में ले लिया गया था, जिसे बाद में औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। दुर्घटना में शामिल कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। शुरुआती जांच में हादसे का कारण कार की अत्यधिक रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना सामने आ रहा है।

पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है, जिसके बाद से करावल नगर इलाके में शोक की लहर है। रोहित और हेमंत आपस में गहरे दोस्त बताए जा रहे हैं। खजुरी खास थाना पुलिस ने प्राथमिकी के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या दुर्घटना के समय आरोपी चालक नशे की हालत में था। मामले की विस्तृत छानबीन जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More