पुलिस ने गैंगवार की साजिश को किया नाकाम, गाजीपुर के पास से दबोचा गया गैंग का सक्रिय सदस्य, कारतूस और अवैध हथियार बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी जिले की पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया (पीआईए) थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन गैंग बस्ट’ के तहत एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए देव कल्याणपुरी गैंग के एक खूंखार अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान देव सिंह (24 वर्ष), निवासी कल्याणपुरी के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी कल्याणपुरी थाने का घोषित बदमाश (बी.सी.) है और उस पर हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और चोरी जैसे कई संगीन मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से इलाके में किसी संभावित गैंगवार या जघन्य अपराध को समय रहते टाल दिया गया है।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि जिले में सक्रिय गैंगों और आदतन अपराधियों पर नकेल कसने के लिए ‘ऑपरेशन गैंग बस्ट’ चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसीपी मधु विहार तिलक चंद्र बिष्ट के मार्गदर्शन और पीआईए थाना एसएचओ इंस्पेक्टर शिव कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। इस टीम में हेड कांस्टेबल विकास त्यागी और कांस्टेबल शहजाद शामिल थे। टीम लगातार तकनीकी इनपुट और स्थानीय खुफिया तंत्र के माध्यम से गाजीपुर और समाधि पार्क के आसपास अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रख रही थी।

तफ्तीश के दौरान 6 मई की रात करीब 10:50 बजे जब टीम समाधि पार्क के पास गश्त पर थी, तभी हेड कांस्टेबल विकास त्यागी को एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिली कि देव कल्याणपुरी गैंग का सदस्य देव सिंह अवैध हथियार के साथ गाजीपुर गांव के जी-ब्लॉक की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही एसएचओ इंस्पेक्टर शिव कुमार को अवगत कराया गया, जिन्होंने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए रणनीतिक रूप से घेराबंदी की और बताए गए रास्ते पर छिपकर निगरानी शुरू की। जैसे ही मुखबिर ने आरोपी की पहचान की, पुलिस टीम ने सटीकता के साथ उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से देसी कट्टा और तीन कारतूस बरामद हुए।

पूछताछ के दौरान आरोपी देव सिंह ने खुलासा किया कि वह शादीशुदा है और नोएडा में मजदूरी करता था, लेकिन वह स्मैक और गांजे के नशे का बुरी तरह आदी है। नशे की जरूरत और आर्थिक तंगी के कारण वह देव कल्याणपुरी गैंग के अपराधियों के संपर्क में आया और अपराध की दुनिया में शामिल हो गया। आरोपी पहले भी शकरपुर, कल्याणपुरी और कश्मीरी गेट जैसे थानों में दर्ज लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट के 7 से अधिक मामलों में संलिप्त रहा है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है और बरामद हथियार व कारतूस को जब्त कर लिया गया है। डीसीपी ने बताया कि पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था या वह यह हथियार किसे सप्लाई करने जा रहा था। इसके अलावा देव कल्याणपुरी गैंग के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क का पता लगाने के लिए भी छापेमारी की जा रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More