ऑपरेशन मिलाप के तहत कल्याणपुरी थाना पुलिस ने दिल्ली से लापता नाबालिग लड़की को आगरा कैंट से किया सकुशल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी जिले की कल्याणपुरी थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन मिलाप’ के तहत एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए दिल्ली के त्रिलोकपुरी इलाके से लापता/अपहृत 17 वर्षीय नाबालिग लड़की को उत्तर प्रदेश के आगरा कैंट से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस टीम ने इस गुत्थी को सुलझाने के लिए दिल्ली और उत्तर प्रदेश के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों का बारीकी से विश्लेषण किया। इस सफल ऑपरेशन के माध्यम से पुलिस ने न केवल बच्ची को सुरक्षित ढूंढ निकाला, बल्कि उसे कानूनी औपचारिकताओं के बाद उसके परिवार से भी मिलवा दिया।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि 5 अप्रैल को त्रिलोकपुरी निवासी लोकेश ने कल्याणपुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी 17 वर्षीय बहन एक दिन से लापता है। मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत बीएनएस की धारा 137(2) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की त्वरित कार्रवाई के लिए ज़िपनेट अलर्ट, एनसीआरबी, एससीआरबी और अन्य अनिवार्य प्रक्रियाओं को तत्काल प्रभाव से पूरा किया गया ताकि देशभर में इसकी सूचना प्रसारित की जा सके।

मामले को सुलझाने के लिए एसीपी पवन कुमार के मार्गदर्शन और कल्याणपुरी थाना एसएचओ इंस्पेक्टर मुकेश कुमार बालियान के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में आईओ/एसआई मयंक इस्तवाल, पीएसआई सोहनलाल, हेड कांस्टेबल श्याम, कांस्टेबल रोहित और महिला कांस्टेबल एकता विक्रांत को शामिल किया गया। टीम ने त्रिलोकपुरी से लेकर आनंद विहार रेलवे स्टेशन, आनंद विहार आईएसबीटी, निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन और आगरा कैंट तक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। कड़ी मेहनत और तकनीकी सर्विलांस के बाद टीम को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जो उत्तर प्रदेश के आगरा की ओर इशारा कर रहे थे।

पुलिस टीम ने आगरा कैंट इलाके में पहुंचकर सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों के साथ-साथ करीब 50 होटलों की भी जांच की गई। निरंतर प्रयासों और अंतरराज्यीय समन्वय के बाद 4 मई को टीम ने नाबालिग लड़की को आगरा कैंट से सुरक्षित बरामद करने में सफलता प्राप्त की। बरामदगी के बाद किशोरी ने खुलासा किया कि वह शादी के संबंध में पारिवारिक दबाव के कारण अपनी मर्जी से घर छोड़कर चली गई थी।

पुलिस ने किशोरी का बयान बीएनएसएस की धारा 183 के तहत दर्ज कराया और सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद उसे सुरक्षित उसके परिवार को सौंप दिया। डीसीपी ने बताया कि लापता बच्चों की बरामदगी के लिए चलाया जा रहा ‘ऑपरेशन मिलाप’ पूर्वी जिला पुलिस की प्राथमिकता है और यह सफलता पुलिस की तत्परता, समर्पण और पेशेवर कार्यशैली को दर्शाती है। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More