आईटीओ से आ रही संदिग्ध कार की तलाशी में मिले 30 कारतूस, तिलक मार्ग थाना पुलिस ने 4 आरोपी किए गिरफ्तार

नई दिल्ली: नई दिल्ली जिले की तिलक मार्ग थाना पुलिस ने सुरक्षा और गश्त के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल की है। पिकेट पर तैनात सतर्क पुलिस कर्मियों ने एक संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी के दौरान 30 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस मुस्तैदीपूर्ण कार्रवाई से सार्वजनिक सुरक्षा को होने वाले किसी संभावित खतरे को समय रहते टाल दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में कार सवार चार युवकों को गिरफ्तार किया है, जो बरामद गोला-बारूद के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या आधिकारिक दस्तावेज पेश नहीं कर सके।

नई दिल्ली जिले के डीसीपी सचिन शर्मा ने बताया कि 1 और 2 मई की दरम्यानी रात तिलक मार्ग थाने की एक विशेष पिकेट टीम, जिसमें एएसआई इकरामउद्दीन, कांस्टेबल शिवम और डीएचजी स्टाफ शामिल थे, डब्ल्यू-पॉइंट पर नियमित वाहन चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान आईटीओ की ओर से आ रही एक काले रंग की टाटा हैरियर कार को रोका गया। वाहन की खिड़कियों पर प्रतिबंधित काली फिल्म लगी हुई थी, जिससे पुलिस टीम को संदेह हुआ।

संदेह के आधार पर जब वाहन की गहन तलाशी ली गई, तो कार के अंदर से 30 जिंदा कारतूस बरामद हुए। कार में सवार चारों युवकों से जब इन कारतूसों के बारे में पूछताछ की गई, तो वे कोई संतोषजनक जवाब या लाइसेंस नहीं दे पाए। जांच में पता चला कि यह वाहन दिल्ली के शाहदरा निवासी तुषार के नाम पर पंजीकृत है। तुषार ने पुलिस को बताया कि मोहम्मद कैफ मलिक ने यह कार उसके भाई अंशू से व्यक्तिगत काम के लिए मांग कर ली थी।

पुलिस ने मौके से जिन चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान मोहम्मद कैफ मलिक (19 वर्ष), मोहम्मद हुसैन (20 वर्ष), अब्दुल समद (23 वर्ष) और समद मलिक (25 वर्ष) के रूप में हुई है। ये चारों आरोपी नई दिल्ली के आसफ अली रोड इलाके के रहने वाले हैं। इस संबंध में तिलक मार्ग थाने में आर्म्स एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और चारों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया है।

डीसीपी ने बताया कि पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में जिंदा कारतूस इन युवकों के पास कहां से आए और इनका असली स्रोत क्या है। साथ ही, पुलिस इस पहलू की भी पड़ताल कर रही है कि क्या इन आरोपियों के तार किसी आपराधिक गिरोह से जुड़े हैं या वे किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More