सो रहे साथियों को दिया चकमा, मोबाइल और नकदी लेकर हुआ फरार, मंदिर मार्ग थाना पुलिस ने मिर्जापुर से दबोचा

नई दिल्ली: नई दिल्ली जिले के मंदिर मार्ग थाना पुलिस ने चोरी की एक वारदात को महज 48 घंटे के भीतर सुलझाते हुए आरोपी रूममेट को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में चोरी की गई शत-प्रतिशत संपत्ति बरामद कर ली है, जिसमें तीन मोबाइल फोन और ₹25,000 की नकदी शामिल है। इस कार्रवाई के माध्यम से पुलिस ने न केवल पीड़ित को तुरंत राहत पहुँचाई है, बल्कि यह भी साबित किया है कि अपराधी कहीं भी छिप जाए, कानून के हाथ उस तक पहुँच ही जाते हैं।

नई दिल्ली जिले के डीसीपी सचिन शर्मा ने बताया कि 5 अप्रैल को गोल मार्केट के काली बाड़ी इलाके में रहने वाले चंद्र प्रकाश ने चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह अपने दोस्तों और रूममेट्स के साथ रह रहा था। 4 और 5 अप्रैल की दरम्यानी रात जब सभी सो रहे थे, तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने खिड़की के रास्ते कमरे में घुसकर तीन मोबाइल फोन और ₹25,000 की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस संबंध में मंदिर मार्ग थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी कनॉट प्लेस के पर्यवेक्षण और मंदिर मार्ग थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें एसआई उमेश यादव, हेड कांस्टेबल विक्रम मीणा और कांस्टेबल दीपेश मीणा शामिल थे। तफ्तीश के दौरान टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय स्तर पर पूछताछ की। जांच में जब बाहर से किसी संदिग्ध व्यक्ति की आवाजाही नहीं दिखी, तो पुलिस का शक रूममेट्स पर गहराया। इसी दौरान पता चला कि राजा कुमार पांडेय नाम का एक रूममेट वारदात के तुरंत बाद अचानक बिना बताए उत्तर प्रदेश स्थित अपने गांव के लिए निकल गया है।

तकनीकी इनपुट और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में छापेमारी की और 6 मई को आरोपी राजा कुमार पांडेय (23 वर्ष) को उसके गांव कछवा से दबोच लिया। कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसने अपने ही साथियों के सोते समय चोरी की वारदात को अंजाम दिया था और उसे लगा था कि वह गांव भागकर पुलिस से बच जाएगा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए तीनों मोबाइल और पूरी नकदी बरामद कर ली है। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More