काम की तलाश में निकले युवक ने ई-रिक्शा उड़ाया, पालम विलेज पुलिस ने दबोचा, ई-रिक्शा बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम जिले के पालम विलेज थाना पुलिस की टीम ने मुस्तैदी और पेशेवर कार्यशैली का परिचय देते हुए वाहन चोरी की एक वारदात को महज एक घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी की पहचान कंवर पाल (20 वर्ष), निवासी राजनगर-II, पालम कॉलोनी के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया ई-रिक्शा बरामद कर लिया है। इस सफल कार्रवाई के माध्यम से पुलिस ने न केवल पीड़ित को तुरंत राहत पहुँचाई, बल्कि अपराधियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून के हाथ उन तक पहुँचने में समय नहीं लेंगे।

दक्षिण-पश्चिम जिले के डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि 3 मई को पालम के सोलंकी चौक से एक ई-रिक्शा चोरी होने के संबंध में ई-एफआईआर दर्ज कराई गई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी दिल्ली कैंट अनिल कुमार के पर्यवेक्षण और पालम विलेज थाना एसएचओ अनंत धनराज सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार और कांस्टेबल मोहित बेनीवाल शामिल थे। टीम को निर्देश दिए गए कि वे तकनीकी और जमीनी स्तर पर सूचनाएं एकत्र कर अपराधी को तुरंत दबोचें।

तफ्तीश के दौरान पुलिस टीम ने सोलंकी चौक और उसके आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू किया। तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय मुखबिरों की मदद से पुलिस को संदिग्ध के भागने की दिशा का पता चला। पुलिस की टीम ने बिना समय गंवाए रणनीतिक घेराबंदी की और वारदात के महज एक घंटे के भीतर ही आरोपी कंवर पाल को धर दबोचा। गिरफ्तारी के वक्त आरोपी उसी ई-रिक्शे पर सवार था जिसे उसने कुछ ही देर पहले चुराया था।

पूछताछ के दौरान आरोपी कंवर पाल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह बेरोजगार है और आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। वारदात वाले दिन वह काम की तलाश में घूम रहा था, तभी उसकी नजर सोलंकी चौक पर खड़े एक ई-रिक्शे पर पड़ी, जिसमें चाबी पहले से ही लगी हुई थी और आसपास कोई मौजूद नहीं था। ई-रिक्शे को लावारिस हालत में देख उसकी नियत डोल गई और उसने आसान पैसा कमाने के लालच में उसे चोरी कर लिया।

पुलिस ने चोरी का ई-रिक्शा बरामद कर उसे कब्जे में ले लिया है और आरोपी के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। डीसीपी ने बताया कि आरोपी से इस दिशा में भी पूछताछ की जा रही है कि क्या वह पहले भी इस तरह की वारदातों में शामिल रहा है या किसी गिरोह का हिस्सा है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More