पालम विलेज थाना पुलिस ने कुख्यात सेंधमार को किया गिरफ्तार, गैस सिलेंडर और मोबाइल समेत भारी सामान बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम जिले के पालम विलेज थाना पुलिस ने इलाके में सक्रिय एक कुख्यात सेंधमार को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रजत उर्फ बूढ़ा के रूप में हुई है, जो हरिजन बस्ती, महावीर एन्क्लेव का निवासी है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया एक भारत गैस सिलेंडर, दो मोबाइल फोन, एक बैग, कपड़े और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने इलाके में हुई सेंधमारी की वारदातों को सुलझाने का दावा किया है।

दक्षिण-पश्चिम जिले के डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि 27 अप्रैल को पालम विलेज थाने में सेंधमारी के संबंध में एक ई-एफआईआर दर्ज की गई थी। इस मामले को सुलझाने और अपराधी को पकड़ने के लिए पालम विलेज थाना एसएचओ अनंत धनराज सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में एएसआई वीरेंद्र, हेड कांस्टेबल हरेंद्र, संदीप और कृष्ण शामिल थे। पूरी कार्रवाई का निरीक्षण एसीपी दिल्ली कैंट अनिल कुमार द्वारा किया गया। टीम ने जांच के दौरान तकनीकी सर्विलांस का सहारा लिया और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों का गहन विश्लेषण किया, जिससे आरोपी की पहचान सुनिश्चित हो सकी।

जांच के दौरान टीम ने गुप्त सूचनाओं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी के संभावित ठिकानों पर नजर रखी। 2 मई को पुलिस को एक पुख्ता सूचना मिली कि आरोपी पालम विलेज इलाके में ही मौजूद है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने जाल बिछाया और आरोपी रजत उर्फ बूढ़ा को घेराबंदी कर धर दबोचा। पकड़े गए आरोपी से जब कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक भारत गैस सिलेंडर, दो मोबाइल फोन और एक बैग बरामद किया जिसमें कपड़े व महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे।

आरोपी के प्रोफाइल के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि 27 वर्षीय रजत उर्फ बूढ़ा पेशे से किराए पर रिक्शा चलाने का काम करता है, लेकिन वह शराब पीने का आदि है। अपनी नशे की लत को पूरा करने और कम समय में ज्यादा पैसे कमाने के चक्कर में उसने अपराध का रास्ता चुना। वह अक्सर ऐसे घरों को निशाना बनाता था जहां सुरक्षा के इंतजाम कम होते थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज एक आपराधिक मामले में शामिल रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह अन्य कितनी वारदातों में शामिल रहा है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More