नेशनल बॉक्सिंग चैंपियन की हत्या का फरार आरोपी गिरफ्तार: क्राइम ब्रांच ने 8 महीने बाद ‘सोनू ठेकेदार’ गैंग के खूंखार अपराधी को दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (NDR) ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए नेशनल लेवल बॉक्सिंग चैंपियन विकास उर्फ भिंडा की सनसनीखेज हत्या के मामले में वांछित और घोषित अपराधी सुमित राणा उर्फ छोटू (38) को गिरफ्तार कर लिया है। सुमित राणा पिछले 8 महीनों से पुलिस को चकमा दे रहा था और जुलाई 2025 में हुई इस हत्या के बाद से लगातार फरार चल रहा था। पुलिस ने तकनीकी निगरानी और पुख्ता सूचना के आधार पर उसे दिल्ली के आदर्श नगर इलाके से दबोचा है।

डीसीपी क्राइम पंकज कुमार ने बताया कि 29 जुलाई 2025 को बाबा हरिदास नगर इलाके में नेशनल बॉक्सर विकास भिंडा की दिनदहाड़े गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड को सोनू ठेकेदार गैंग ने पुरानी रंजिश और इलाके में अपना वर्चस्व कायम करने के लिए अंजाम दिया था। वारदात के समय विकास दहिया उर्फ सोनू ठेकेदार, आकाश गहलोत, कृष्ण और सुमित राणा ने योजनाबद्ध तरीके से बॉक्सर पर कई राउंड फायरिंग की थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने पहले ही आकाश और मुख्य शूटर सोनू ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन सुमित राणा फरार होने में सफल रहा था। अदालत ने उसे 18 अक्टूबर 2025 को भगोड़ा घोषित किया था।

एसीपी उमेश बर्थवाल के पर्यवेक्षण और इंस्पेक्टर योगेश व विनोद यादव के नेतृत्व में गठित क्राइम ब्रांच की विशेष टीम सुमित राणा की तलाश में जुटी थी। जांच के दौरान हेड कांस्टेबल रामनिवास को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी आदर्श नगर इलाके में छिपा हुआ है। पुलिस ने बिना देर किए वहां जाल बिछाया और सुमित राणा को बिना किसी अप्रिय घटना के धर दबोचा। पूछताछ में खुलासा हुआ कि सुमित राणा मुख्य शूटर सोनू ठेकेदार का चचेरा भाई है और उसने ही हत्या की पूरी साजिश रची थी। हत्या के बाद सोनू ठेकेदार ने वारदात में इस्तेमाल हथियार सुमित को ही दिया था, जिसे उसने बाद में ठिकाने लगा दिया था।

सुमित राणा का आपराधिक सफर काफी हैरान करने वाला है। वह पढ़ा-लिखा है और उसने मलेशिया से साल 2018 में होटल मैनेजमेंट का डिप्लोमा किया था। साल 2016 से 2021 तक उसने मलेशिया में काम किया और उसके बाद दुबई जाकर अपनी ‘हर्बल जनरल ट्रेडिंग’ नाम की कंपनी शुरू की। जुलाई 2025 में जब वह दिल्ली लौटा, तो अपने भाई सोनू ठेकेदार के संपर्क में आया। उसने इलाके में डर पैदा करने और व्यापारियों से उगाही करने के इरादे से अपने भाई के साथ मिलकर नेशनल बॉक्सर की हत्या की साजिश रची।

पुलिस के अनुसार, सुमित राणा पिछले 8 महीनों से गिरफ्तारी से बचने के लिए कई राज्यों में अपने ठिकाने बदल रहा था। इससे पहले जब क्राइम ब्रांच ने चंडीगढ़ में छापेमारी की थी, तब वह जीरकपुर से भागने में सफल रहा था। फिलहाल पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है ताकि इस गैंग के अन्य संपर्कों और आपराधिक गतिविधियों का पूरी तरह खुलासा किया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More