शादी में गया था परिवार, पीछे से घर साफ कर गए चोर, विजय विहार पुलिस ने दो चोर को पकड़ा, भारी मात्रा में आभूषण बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के रोहिणी जिला पुलिस के थाना विजय विहार की टीम ने सेंधमारी के एक मामले को सुलझाते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के आभूषणों का भारी जखीरा और वारदात में इस्तेमाल होने वाला लोहे का कटर बरामद किया है। इन गिरफ्तारियों के साथ ही सेंधमारी के कुल 7 मामलों को सुलझाने का दावा किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आफताब उर्फ सांबा (23) और नबी हुसैन (25) के रूप में हुई है, जो दोनों सुल्तानपुरी के रहने वाले हैं।

रोहिणी जिले के डीसीपी शशांक जायसवाल ने बताया कि 30 अप्रैल को रोहिणी सेक्टर-4 निवासी राहुल ने शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि वह सपरिवार एक शादी समारोह में गए हुए थे। जब वे सुबह करीब चार बजे लौटे, तो घर का ताला टूटा हुआ मिला और वहां से सोने-चांदी के गहने व लगभग 15,000 रुपये नकद गायब थे। इस शिकायत पर थाना विजय विहार में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत ई-प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।

एसीपी रोहिणी बृजमोहन मीणा के पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनोहर लाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास के कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों को सक्रिय किया। 3 मई को तकनीकी विश्लेषण और मानवीय खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने सेक्टर-1, रोहिणी स्थित अवंतिका पार्क में जाल बिछाया। पुलिस ने घेराबंदी कर आफताब उर्फ सांबा और नबी हुसैन को दबोच लिया। इनके पास से एक लोहे का कटर भी बरामद हुआ।

गहन पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि वे आदतन अपराधी हैं और पहले भी घर में चोरी की कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि वे अवंतिका इलाके में एक और घर का ताला तोड़ने की नीयत से आए थे, लेकिन वारदात से पहले ही पकड़े गए। आरोपी आफताब उर्फ सांबा महज 23 साल की उम्र में सेंधमारी के 17 मामलों में शामिल रहा है, जबकि नबी हुसैन भी चोरी के एक मामले में पहले से शामिल है।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए आभूषणों की एक लंबी सूची बरामद की है, जिसमें सोने का नेकलेस, दो जोड़ी सोने की बालियां, आठ जोड़ी चांदी की पाजेब, चांदी के हाथफूल, बच्चों के कड़े, चार मोबाइल फोन, चांदी का कामरबंद, चांदी की चेन, चम्मच और कटोरा सहित भारी मात्रा में कृत्रिम आभूषण शामिल हैं। पुलिस अब चोरी किए गए बाकी सामान और नकदी की बरामदगी के लिए प्रयास कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More