“बिलोरा-हड्डी स्नैचर्स गैंग” का अमन विहार पुलिस ने किया खात्मा: दो शातिर लुटेरे गिरफ्तार, 4 सोने की चेन और 5 वाहन बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के रोहिणी जिला पुलिस के थाना अमन विहार की टीम ने स्नैचिंग और वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाते हुए एक कुख्यात आपराधिक गिरोह “बिलोरा-हड्डी गैंग” का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो बटनदार चाकू, चोरी के पांच दुपहिया वाहन (4 मोटरसाइकिल और 1 स्कूटी), वारदात में इस्तेमाल एक स्कूटी, चार छीनी गई सोने की चेन और 29,500 रुपये की नकदी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजू उर्फ ऋषभ उर्फ बिलोरा और सचिन उर्फ हड्डी के रूप में हुई है।

रोहिणी जिले के डीसीपी शशांक जायसवाल ने बताया कि जिले में बढ़ती स्नैचिंग और चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए एसीपी अजय वेदवाल के पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विजय सामरिया के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। इस टीम में हेड कांस्टेबल विकास, प्रदीप सिवाच, कांस्टेबल अनिल और रोहित शामिल थे। 29 अप्रैल को टीम को गुप्त सूचना मिली कि दो संदिग्ध व्यक्ति सेक्टर-22, रोहिणी स्थित बांस वाला पार्क के पास आने वाले हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने जाल बिछाया और मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों को घेराबंदी कर दबोच लिया।

तलाशी के दौरान उनके पास से दो प्रतिबंधित बटनदार चाकू बरामद हुए। जांच करने पर पता चला कि जिस मोटरसाइकिल पर वे सवार थे, वह पंजाबी बाग इलाके से चोरी की गई थी। इसके बाद पुलिस ने उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अमन विहार और प्रशांत विहार इलाके से चोरी की गई तीन अन्य मोटरसाइकिलें और एक स्कूटी बरामद की। साथ ही विकास पुरी, शालीमार बाग और पश्चिम विहार से छीनी गई चार सोने की चेन और लूट के पैसों से मिले 29,500 रुपये भी बरामद किए गए।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से काम करता था। एक आरोपी मोटरसाइकिल चलाता था जबकि दूसरा पैदल चल रहे राहगीरों को निशाना बनाकर उनके गले से सोने की चेन झपट लेता था। विरोध करने पर वे पीड़ितों को डराने के लिए अवैध हथियारों का इस्तेमाल भी करते थे। छीनी गई चेन को वे या तो अपने साथियों के जरिए बेच देते थे या आरोपी सचिन के घर पर छिपा देते थे।

आरोपियों का आपराधिक इतिहास काफी पुराना है। संजू उर्फ बिलोरा करोल बाग का रहने वाला है और उस पर पहले से ही करीब 50 मामले दर्ज हैं। वहीं, सचिन उर्फ हड्डी अमन विहार इलाके का घोषित अपराधी है और उस पर 21 मामले दर्ज हैं। दोनों स्कूल ड्रॉपआउट हैं और कम उम्र में ही नशे की लत के कारण अपराध की दुनिया में उतर गए थे। उनकी मुलाकात जेल में हुई थी, जहां से बाहर आने के बाद उन्होंने अपना गिरोह बना लिया। फिलहाल पुलिस उनसे आगे की पूछताछ कर रही है ताकि उनसे जुड़ी अन्य वारदातों का पता लगाया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More