नजफगढ़ में नशा तस्करों के साम्राज्य पर प्रहार; नशा तस्करों के गढ़ में घुसकर पुलिस ने तोड़े अवैध निर्माण

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिला पुलिस ने नशे के विरुद्ध अपने फ्लैगशिप प्रोजेक्ट ‘नशे पर लगाम, देश को सलाम !!’ के तहत एक बड़ी और निर्णायक कार्रवाई को अंजाम दिया है। थाना बाबा हरिदास नगर इलाके में सक्रिय ड्रग्स माफिया के विरुद्ध मोर्चा खोलते हुए पुलिस ने दिल्ली नगर निगम के साथ मिलकर उनके अवैध निर्माणों और अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य उन बुनियादी ढांचों को नष्ट करना था जिनका उपयोग तस्कर नशीले पदार्थों की बिक्री के लिए कर रहे थे।

द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि जिले को पूरी तरह से नशा मुक्त बनाने के लिए नशा तस्करों के विरुद्ध युद्ध स्तर पर अभियान शुरू किया गया है। इसी क्रम में थाना प्रभारी बाबा हरिदास नगर, इंस्पेक्टर अजय कुमार ने नजफगढ़ के तेल मिल वाली गली और इंद्रा मार्केट की ट्रांसफार्मर वाली गली में ड्रग माफिया द्वारा किए गए अवैध निर्माणों की पहचान की। ये निर्माण अनीता, सावित्री और अन्य कुख्यात अपराधियों द्वारा किए गए थे, जिनके विरुद्ध एनडीपीएस और आबकारी अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज हैं।

जांच के दौरान पुलिस ने देखा कि तस्करों ने संकरी गलियों में अपने घरों के बाहर अवैध प्लेटफॉर्म और एक्सटेंशन बना रखे थे। शाम ढलते ही ये स्थान असामाजिक गतिविधियों का केंद्र बन जाते थे। आरोपी इन प्लेटफॉर्मों के ठीक बगल में बनी खिड़कियों का उपयोग नशीले पदार्थों को बेचने के लिए एक ‘डिस्क्रीट काउंटर’ के रूप में करते थे। इन अवैध निर्माणों को हटाकर पुलिस ने उस भौतिक ढांचे को ही नष्ट कर दिया है जहाँ से ड्रग्स की सप्लाई की जा रही थी।

इस कार्रवाई में उन तस्करों के अवैध निर्माणों को निशाना बनाया गया जो आदतन अपराधी हैं। इनमें अनीता (8 मामले), सावित्री (8 मामले), राजेंदर (3 मामले), मूर्ति (4 मामले) और सुभाष (5 मामले) शामिल हैं। ये सभी आरोपी एनडीपीएस, आबकारी और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में संलिप्त रहे हैं।

एसीपी नजफगढ़ राज कुमार और एसएचओ अजय कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान किसी भी स्थानीय विरोध से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था, जिसमें महिला अधिकारियों की भी बड़ी संख्या शामिल थी। डीसीपी द्वारका ने स्पष्ट संदेश दिया है कि प्रशासन सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त करने और इलाके से नशे के जहर को जड़ से मिटाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में सुरक्षा का भाव जागा है और समाज के रचनात्मक कार्यों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए पुलिस ऐसे अभियान आगे भी जारी रखेगी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More