चाणक्यपुरी में आईपीएल मैच पर दांव लगा रहे पांच सट्टेबाज दबोचे गए; मुंबई बनाम लखनऊ मैच पर चल रहा था सट्टा

नई दिल्ली: नई दिल्ली जिले के थाना चाणक्यपुरी की पुलिस टीम ने अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए विवेकानंद कैंप इलाके में चल रहे एक ऑनलाइन आईपीएल सट्टेबाजी सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से सट्टेबाजी में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई उस समय की गई जब आरोपी आईपीएल के एक महत्वपूर्ण मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगा रहे थे।

डीसीपी नई दिल्ली जिला सचिन शर्मा ने बताया कि 4 मई की रात को चाणक्यपुरी इलाके में गश्त के दौरान एसआई मनोज कुमार को विवेकानंद कैंप में अवैध सट्टेबाजी की गतिविधियों के संबंध में पुख्ता जानकारी मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद एसीपी चाणक्यपुरी अर्शदीप सिंह पंवार के पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी इंस्पेक्टर पी.सी. यादव के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम में एसआई मनोज कुमार, हेड कांस्टेबल विकास, रघुनंदन, जय कुमार और कांस्टेबल हेमराज शामिल थे।

पुलिस टीम ने कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद चिन्हित स्थान पर योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की। मौके पर पुलिस ने पांच व्यक्तियों को मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच चल रहे आईपीएल मैच पर सक्रिय रूप से ऑनलाइन सट्टा लगाते हुए पाया और उन्हें रंगे हाथों दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों में वीरू उर्फ कल्लू राम (31), निवासी विवेकानंद कैंप; विनीत कुमार (40), निवासी करोल बाग; साहिल वढेरा (23), निवासी सोनीपत (हरियाणा); आशु कुमार (31), निवासी करोल बाग और प्रशांत (33), निवासी पश्चिम विहार शामिल हैं। इनके पास से सट्टेबाजी में इस्तेमाल किए जा रहे 2 लैपटॉप, 7 मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना चाणक्यपुरी में ‘दिल्ली पब्लिक गैंबलिंग एक्ट’ की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पूछताछ के दौरान पता चला है कि यह गिरोह दिल्ली और आसपास के राज्यों के लोगों को जोड़कर बड़े पैमाने पर ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क चला रहा था। फिलहाल पुलिस इस गिरोह के व्यापक नेटवर्क का पता लगाने और इसमें शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान करने के लिए आगे की जांच कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More