एएटीएस की टीम ने दो सक्रिय ऑटो लिफ्टरों को दबोचा, चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दो सक्रिय ऑटो लिफ्टरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनसे दयालपुर, जाफराबाद और राजौरी गार्डन थानों से संबंधित चोरी के तीन मामलों को सुलझा लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, एएटीएस की टीम जिले में वाहन चोरों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही थी। इसी कड़ी में 1 मई को इंस्पेक्टर योगेश वशिष्ठ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यमुना विहार के बी-ब्लॉक के पास मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को रोका। जब उनसे यामाहा R15 के दस्तावेज मांगे गए, तो वे कोई भी वैध कागजात पेश नहीं कर सके। बारीकी से जांच करने पर पता चला कि यह मोटरसाइकिल 12 अप्रैल को दयालपुर थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी, जिसके संबंध में ई-प्राथमिकी दर्ज थी।

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को भजनपुरा थाने में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 35(1) के तहत गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान खजूरी खास निवासी शिवम शर्मा (19) और सचिन कुमार (18) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों ने वाहन चोरी की कई वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

आरोपियों से की गई सघन पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर दो और चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। इनमें से एक मोटरसाइकिल जाफराबाद और दूसरी राजौरी गार्डन इलाके से चोरी की गई थी। पुलिस अब इन दोनों से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वे चोरी के इन वाहनों को कहां ठिकाने लगाते थे और क्या इस गिरोह में कुछ अन्य लोग भी शामिल हैं। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More