गैस कटर से एटीएम काट 20 मिनट में उड़ाए थे 19 लाख, राजस्थान के भरतपुर से मेवाती गैंग का गुर्गा गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (NDR) ने मंडावली फाजलपुर इलाके में एटीएम मशीन काटकर करीब 19.32 लाख रुपये की चोरी करने के सनसनीखेज मामले को सुलझाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोबिन (26), निवासी जिला पलवल, हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस ने इसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर कार और चोरी की गई रकम में से 22,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी रोबिन अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय कुख्यात इमरान मेवाती गैंग से जुड़ा हुआ है।

डीसीपी क्राइम पंकज कुमार ने बताया कि 30 अप्रैल को मंडावली फाजलपुर थाने में हिताची पेमेंट सर्विसेज के कानूनी सलाहकार गौरव बैसला की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार, वेस्ट विनोद नगर स्थित आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम में 29 अप्रैल को 22 लाख रुपये डाले गए थे। उसी रात करीब 3:00 से 3:20 बजे के बीच अज्ञात बदमाशों ने गैस कटर की मदद से मशीन को काटकर उसमें मौजूद 19,32,600 रुपये उड़ा लिए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी उमेश बर्थवाल के पर्यवेक्षण और इंस्पेक्टर विवेक मलिक के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

क्राइम ब्रांच की टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी सर्विलांस की मदद ली। जांच के दौरान एएसआई उमरदीन और हेड कांस्टेबल राम नरेश को सूचना मिली कि इस वारदात के पीछे पलवल निवासी इमरान मेवाती और उसके साथी रोबिन व भूरा का हाथ है। पुलिस टीम ने लगातार पीछा करते हुए आरोपी रोबिन की लोकेशन ट्रैक की और राजस्थान के भरतपुर में जाल बिछाकर उसे सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी रोबिन ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह पहले अपने गांव में नाई की दुकान पर काम करता था और पिछले कुछ वर्षों से टैक्सी चला रहा था। करीब 20 दिन पहले उसके गांव के ही इमरान मेवाती ने उसे मोटे पैसे का लालच देकर इस गिरोह में शामिल किया था। 29 अप्रैल को इमरान और भूरा के साथ मिलकर उसने दिल्ली के चिन्हित एटीएम को निशाना बनाने की साजिश रची। पकड़े जाने से बचने के लिए उन्होंने वारदात के समय अपने मोबाइल फोन भी बंद कर दिए थे।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इस गिरोह का सरगना इमरान मेवाती एक बेहद शातिर अपराधी है, जिस पर देश के विभिन्न राज्यों में एटीएम लूट और चोरी के 25 से अधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस फरार मुख्य आरोपी इमरान और भूरा की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। इस गिरफ्तारी से मेवात आधारित एटीएम कटर गिरोह के नेटवर्क को एक बड़ा झटका लगा है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More