बहन पर अभद्र टिप्पणी का विरोध करने पर किशोर ने युवक की चाकू गोदकर की हत्या

नई दिल्ली: दिल्ली के मुखर्जी नगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहाँ एक किशोर ने बीच सड़क पर एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना मलिकपुर स्थित कूड़ा खत्ता के पास सुबह करीब 09:40 बजे हुई। पुलिस ने आरोपी किशोर को पकड़ लिया है और हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान संगम पार्क निवासी अमन के रूप में हुई है। सोमवार सुबह अमन अपने एक दोस्त के साथ स्कूटी पर सवार होकर काम के सिलसिले में वजीराबाद की ओर जा रहा था। जब वे मलिकपुर पहुंचे, तो घात लगाए बैठे एक किशोर ने अचानक पीछे से अमन पर हमला कर दिया और उस पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए। हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पीसीआर वैन मौके पर पहुंची और लहूलुहान अमन को अस्पताल ले जाया गया। वहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी और डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान अमन ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और क्राइम टीम व एफएसएल विशेषज्ञों ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी किशोर को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ के दौरान किशोर ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि मृतक अमन कथित तौर पर उसकी रिश्तेदार (बहन) पर अभद्र और अपमानजनक टिप्पणी करता था। इसी बात का बदला लेने के लिए उसने अमन की हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।

मुखर्जी नगर थाना पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है ताकि घटना की पूरी कड़ी को जोड़ा जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More