पुलिस को देख स्कूटी और शराब छोड़कर भागे तस्कर; हरियाणा मार्का की 2850 बोतलें बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के शाहदरा जिले के थाना विवेक विहार की पुलिस टीम ने अवैध शराब की तस्करी के विरुद्ध अपनी मुस्तैदी दिखाते हुए भारी मात्रा में शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से 57 कार्टन (2850 क्वार्टर बोतलें) अवैध शराब बरामद की है, जो केवल हरियाणा में बिक्री के लिए मान्य थी। इसके साथ ही शराब ढोने के लिए इस्तेमाल की जा रही दो स्कूटी को भी जब्त कर लिया गया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ने में सफलता हासिल की है।

शाहदरा जिले के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि 3 मई की सुबह करीब 6:50 बजे, हेड कांस्टेबल जोगिंदर और कांस्टेबल अंकित कस्तूरबा नगर स्थित नई सड़क, डेरा के पास रूटीन गश्त पर थे। गश्त के दौरान उन्होंने एक खुले मैदान में दो संदिग्ध व्यक्तियों को देखा, जो स्कूटी पर कार्टन लाद रहे थे। पुलिस टीम को अपनी ओर आता देख दोनों व्यक्ति वाहन और शराब छोड़कर मौके से भागने लगे।

पुलिस टीम ने उनका पीछा किया, लेकिन तस्कर संकरी गलियों का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। हालांकि, जांच के दौरान एक आरोपी की पहचान सौरभ के रूप में हुई, जिसे बाद में पुलिस ने धर दबोचा। दूसरे आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं।

बरामद की गई शराब के कार्टन की जांच करने पर उसमें हरियाणा मार्का की अवैध शराब पाई गई। पुलिस ने तुरंत शराब और दोनों स्कूटी को कब्जे में लेकर थाना विवेक विहार में दिल्ली आबकारी अधिनियम की धारा 33/52/58 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।

पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह शराब हरियाणा से दिल्ली के इस इलाके में कैसे पहुंची और इसके पीछे किस बड़े सिंडिकेट का हाथ है। डीसीपी ने बताया कि जिले में अवैध शराब और नशीले पदार्थों की आपूर्ति को पूरी तरह से समाप्त करने के लिए इस तरह की ‘प्रोएक्टिव पुलिसिंग’ जारी रहेगी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More