लाडो सराय में पेट्रोल पंप के पास चाकूबाजी, एक युवक की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

नई दिल्ली: दक्षिणी दिल्ली के साकेत थाना क्षेत्र स्थित लाडो सराय इलाके में रविवार देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने आए तीन दोस्तों पर 10 से 15 हमलावरों ने चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस जघन्य वारदात में 24 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल के आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार रात करीब 11 बजे की है। मृतक की पहचान अमन अली (25) के रूप में हुई है, जो अपनी बहन का इकलौता भाई था। चश्मदीदों ने बताया कि अमन अपने दो दोस्तों, ऋतिक (26) और सोहेल आलम (25) के साथ बाइक से भारत पेट्रोलियम पंप पर पहुंचा था। तभी घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों ने अमन पर करीब 20 बार चाकू से वार किए, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उसके दोस्तों पर भी दर्जनों बार वार किए गए हैं।

हैरानी की बात यह है कि वारदात के वक्त पेट्रोल पंप पर काफी भीड़ मौजूद थी, लेकिन किसी ने भी बीच-बचाव करने या पीड़ितों को बचाने की हिम्मत नहीं दिखाई। हमला करने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल ऋतिक और सोहेल को तुरंत सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक ऑटो चलाकर अपने परिवार का गुजारा करते थे।

परिजनों का आरोप है कि इलाके के ही कुछ अपराधी किस्म के युवक अमन पर अपने साथ रहने का दबाव बनाते थे, जिससे वह लगातार इनकार कर रहा था। पुलिस को आशंका है कि इसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है। साकेत थाना पुलिस ने पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर कब्जे में ले लिया है। फुटेज के आधार पर चार मुख्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। जल्द ही सभी दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More