विवेक विहार में लगी भीषण आग, मौत की चादर ओढ़ सो गए दो परिवारों के 9 सदस्य, मासूम की भी गई जान

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली का विवेक विहार फेस-1 रविवार तड़के उस वक्त चीख-पुकार और धुएं के गुबार से दहल उठा, जब मकान नंबर B-13 में भीषण आग लग गई। इस हृदयविदारक हादसे में दो परिवारों के कुल 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जिसमें डेढ़ साल का एक मासूम बच्चा भी शामिल है। आग इतनी भीषण थी कि पल भर में इसने पूरी चार मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे ऊपरी मंजिलों पर रह रहे लोगों को बच निकलने का कोई रास्ता नहीं मिला। दमकल की 14 गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक हंसते-खेलते दो परिवार काल के गाल में समा चुके थे।

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इमारत की दूसरी मंजिल पर रहने वाले अरविंद जैन (60) का पूरा परिवार इस आग में खत्म हो गया। मृतकों में अरविंद के साथ उनकी पत्नी अनीता (58), बेटा निशांत (35), बहू आंचल (33) और मासूम पोता आकाश शामिल हैं। वहीं तीसरी मंजिल पर रह रहे नितिन जैन (50), उनकी पत्नी शैली (48) और 25 वर्षीय बेटे सम्यक की भी दम घुटने और झुलसने से मौत हो गई। पहली मंजिल की निवासी शिखा जैन (45) ने भी इस अग्निकांड में अपनी जान गंवा दी। पुलिस और दमकल विभाग ने साहस का परिचय देते हुए करीब 15 से अधिक लोगों को खिड़कियों और छतों के रास्ते सुरक्षित बाहर निकाला, जिनमें से घायल नवीन जैन का अस्पताल में उपचार जारी है।

इस त्रासदी पर शोक व्यक्त करते हुए दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने कहा कि विवेक विहार की घटना से वे अत्यंत दुखी हैं और उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत व चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। वहीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ट्वीट कर इस घटना को मन व्यथित करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन, डीडीएमए और दिल्ली पुलिस राहत कार्यों में पूरी तत्परता से जुटे हैं और दिल्ली सरकार इस कठिन घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने भी मौके का मुआयना किया और दमकल व पुलिस कर्मियों द्वारा 26-27 लोगों की जान बचाने के कार्य की सराहना करते हुए इसे एक बड़ी क्षति बताया।

घटनास्थल पर पहुंचे दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने हादसे को अपूरणीय क्षति करार दिया। उन्होंने बताया कि एयर कंडीशनर (एसी) यूनिट में शॉर्ट-सर्किट और ब्लास्ट के कारण आग ने विकराल रूप धारण किया। सचदेवा ने स्थानीय विधायक संजय गोयल के प्रयासों की सराहना की, जो सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी की। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और क्राइम टीम व फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल पूरी कॉलोनी में सन्नाटा पसरा हुआ है और हर आंख नम है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More