सहारनपुर से छीनी बाइक, दिल्ली में पिस्टल की नोंक पर की डकैती, क्राइम ब्रांच ने दो लुटेरों को दबोचा, लूटे गए लाखों रुपये और हथियार बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (AEKC) ने सनलाइट कॉलोनी इलाके में दिनदहाड़े हुई डकैती और गोलीबारी की एक संगीन वारदात को सुलझाते हुए दो खूंखार लुटेरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिजेंद्र यादव (32) निवासी बागपत और पवन गिरी (32) निवासी मेरठ के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 3,92,000 रुपये नकद, लूटा गया मोबाइल फोन, एक देसी पिस्टल, 3 जिंदा कारतूस, एक बटनदार चाकू और वारदात में इस्तेमाल की गई सुजुकी जिक्सर स्पोर्ट्स मोटरसाइकिल बरामद की है। इस डकैती के दौरान बदमाशों ने विरोध करने पर शिकायतकर्ता के पेट में गोली मार दी थी और चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था।

क्राइम ब्रांच के डीसीपी संजीव कुमार यादव ने बताया कि 25 अप्रैल को सनलाइट कॉलोनी इलाके में डकैती की एक बड़ी वारदात हुई थी। शिकायतकर्ता शाकिर अली अपने साले जीशान के साथ पुरानी दिल्ली से 5 लाख रुपये लेकर बाइक से जा रहे थे। शाम करीब 6:40 बजे स्पोर्ट्स बाइक पर आए तीन लड़कों ने उन्हें रोका और पैसों से भरा बैग छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर बदमाशों ने शाकिर के पेट में गोली मार दी और जीशान पर चाकू से हमला कर दिया। घायल अवस्था में पीड़ितों को पहले होली फैमिली अस्पताल और बाद में एम्स रेफर किया गया था। इस संबंध में थाना सनलाइट कॉलोनी में बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए क्राइम ब्रांच की एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें इंस्पेक्टर दलीप कुमार, प्रियंका, एसआई सौम्या कुल्हार, अंकुर यादव और अन्य शामिल थे। 1 मई को एसआई सौम्या कुल्हार को पुख्ता सूचना मिली कि इस वारदात में शामिल आरोपी आईपी पार्क रिंग रोड के पास मिलने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जाल बिछाया। शाम करीब 7:30 बजे जैसे ही सुजुकी जिक्सर बाइक पर दो संदिग्ध पहुंचे, पुलिस ने उन्हें घेर लिया। इस दौरान आरोपी पवन गिरी ने पुलिस पर पिस्टल तान दी, लेकिन हेड कांस्टेबल विनीत ने बहादुरी दिखाते हुए उसे निहत्था कर दबोच लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने तीसरे साथी संजय के साथ मिलकर इस डकैती को अंजाम दिया था। उन्होंने बताया कि वारदात से पहले उन्होंने पीड़ितों की पूरी रेकी की थी। बरामद स्पोर्ट्स मोटरसाइकिल उन्होंने साल 2024 में सहारनपुर से छीनी थी। आरोपी बिजेंद्र यादव स्नातक पास है और उस पर पहले से हत्या के प्रयास और एक्साइज एक्ट के तीन मामले दर्ज हैं। वहीं, पवन गिरी सातवीं पास है और वह मेरठ में साल 2022 में हुए एक हत्या के मामले में आरोपी है और फिलहाल जमानत पर बाहर था।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल 3.92 लाख रुपये बरामद किए हैं, जो लूट की रकम में से उनके हिस्से के थे। पुलिस ने इस कार्रवाई से सनलाइट कॉलोनी की डकैती के साथ-साथ सहारनपुर की बाइक चोरी के मामले को भी सुलझा लिया है। फिलहाल, पुलिस इनके तीसरे साथी संजय की तलाश में छापेमारी कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन्होंने दिल्ली-एनसीआर में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More