पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास सेना के जवान पर जानलेवा हमला करने वाला शातिर चाकूबाज गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तरी दिल्ली के थाना लाहौरी गेट की पुलिस टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर चाकूबाज को गिरफ्तार किया है, जिसने हाल ही में सेना के एक जवान पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गणेश (24) के रूप में हुई है, जो लाल कुआं, प्रहलादपुर का निवासी है और वर्तमान में चांदनी चौक इलाके में आवारा घूमता रहता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल एक अवैध बटनदार चाकू बरामद किया है। इस गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने सेना के जवान पर हुए हमले के एक गंभीर मामले को सुलझा लिया है, जो पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बना हुआ था।

उत्तरी जिले के डीसीपी राजा बांठिया ने बताया कि 25 अप्रैल की शाम को पीपी चर्च मिशन, थाना लाहौरी गेट के हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र और कांस्टेबल सुनील चांदनी चौक इलाके में रात्रि गश्त पर तैनात थे। शाम करीब सात बजे जब पुलिस टीम एसपीएम मार्ग, टी-पॉइंट के पास पहुंची, तो उन्हें एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह युवक घबरा गया और भागने की कोशिश करने लगा। सतर्क पुलिसकर्मियों ने बिना वक्त गंवाए उसका पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उसे घेराबंदी कर दबोच लिया। जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से एक अवैध बटनदार चाकू बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी के खिलाफ थाना लाहौरी गेट में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस हिरासत में आरोपी गणेश से जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने एक चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने स्वीकार किया कि दो दिन पहले उसने पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास एक व्यक्ति पर चाकू से हमला किया था। रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि इस संबंध में 25 अप्रैल को ही थाना लाहौरी गेट में भारतीय न्याय संहिता की धारा 118(1) के तहत एक मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले का पीड़ित भारतीय सेना का एक जवान था, जो अपनी छुट्टियां बिताने के बाद वापस राजस्थान में अपनी ड्यूटी पर तैनात होने जा रहा था।

जांच में यह बात सामने आई कि पीड़ित फौजी सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन जाने के लिए एक बस में सवार हुआ था। उसी बस में आरोपी गणेश भी मौजूद था। सफर के दौरान किसी छोटी सी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। इसी दौरान तैश में आकर गणेश ने अपने पास छिपे चाकू से फौजी के चेहरे पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बस से उतरकर फरार हो गया था। पुलिस ने अब आरोपी की गिरफ्तारी के बाद शिकायतकर्ता और चश्मदीदों से उसकी शिनाख्त भी करवा ली है।

आरोपी गणेश के प्रोफाइल के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि वह अनपढ़ है और नशे का बेहद आदी है। वह चांदनी चौक और रेलवे स्टेशन के आसपास आवारा घूमता रहता था और अपनी नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए छोटी-मोटी चोरी और झपटमारी जैसी वारदातों को अंजाम देता था। नशे की हालत में वह अक्सर हिंसक हो जाता था। फिलहाल पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह और कितनी वारदातों में शामिल रहा है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More