दिल्ली यूनिवर्सिटी के पास पुलिस की मुस्तैदी: भाग रहे लुटेरे को पुलिस टीम ने पीछा कर दबोचा, चोरी की बाइक और मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तरी दिल्ली के मौरिस नगर थाना पुलिस की पिकेट टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक ऐसे शातिर और कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार किया है, जो स्नैचिंग, लूटपाट और वाहन चोरी की दर्जनों वारदातों में शामिल रहा है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि यादव उर्फ विनय (33) निवासी दिलशाद कॉलोनी, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक चोरी का मोबाइल फोन और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। यह आरोपी सीमापुरी थाने का घोषित हिस्ट्रीशीटर है और इस गिरफ्तारी से पुलिस ने मौरिस नगर और सीमापुरी इलाकों में दर्ज चोरी व लूट के मामलों को सुलझाने में सफलता प्राप्त की है।

उत्तरी जिले के डीसीपी राजा बांठिया ने बताया कि 28 अप्रैल की रात मौरिस नगर थाने के हेड कांस्टेबल नितिन, कपिल, पवन और महिला कांस्टेबल वर्णिका दिल्ली यूनिवर्सिटी के हिंदू कॉलेज के पास पिकेट लगाकर चेकिंग कर रहे थे। रात करीब 08:30 बजे पुलिस टीम ने देखा कि एक मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर घबरा गया और पकड़े जाने के डर से उसने अपनी बाइक यू-टर्न लेकर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत उसका पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उसे घेराबंदी कर दबोच लिया। जब आरोपी की तलाशी ली गई तो उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसकी जांच करने पर पता चला कि वह मौरिस नगर थाने से चोरी किया गया था। वहीं, जिस मोटरसाइकिल पर वह सवार था, वह भी सीमापुरी इलाके से चोरी की पाई गई।

पूछताछ के दौरान आरोपी रवि यादव ने खुलासा किया कि उसके पास से बरामद मोबाइल फोन दरअसल 6 मार्च को मौरिस नगर के नाला पुलिया के पास से शहजाद नामक व्यक्ति से छीना गया था। आरोपी ने बताया कि यह मोबाइल उसे उसके दोस्त ‘पप्पी’ ने कुछ दिन पहले दिया था। मामले की गहराई से पड़ताल करने पर आरोपी का एक लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया। आरोपी रवि यादव उर्फ विनय सीमापुरी थाने का ‘हिस्ट्रीशीटर’ है और वह पहले से ही लूटपाट, स्नैचिंग, सेंधमारी और वाहन चोरी जैसे करीब 20 गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अभी हाल ही में 17 अप्रैल को जेल से छूटकर बाहर आया था। जेल से बाहर आते ही उसने अपराध की दुनिया में दोबारा कदम रख दिया। अपनी वारदातों को अंजाम देने के लिए उसने 20 अप्रैल को सीमापुरी इलाके से एक मोटरसाइकिल चोरी की और उसी का इस्तेमाल कर वह दिल्ली के विभिन्न इलाकों में स्नैचिंग और लूट की घटनाएं कर रहा था। पुलिस अब आरोपी के साथी ‘पप्पी’ की तलाश में जुटी है और उससे यह पूछताछ की जा रही है कि जेल से छूटने के बाद उसने और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। इस सफलता से इलाके में सक्रिय अपराधियों के बीच पुलिस का कड़ा संदेश गया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More