शाहदरा में भारी मात्रा में नशीली गोलियां और इंजेक्शन के साथ ड्रग तस्कर गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के शाहदरा जिले के जगतपुरी थाना पुलिस ने इलाके में अवैध मादक पदार्थों की गतिविधियों और स्ट्रीट क्राइम पर अंकुश लगाते हुए एक ड्रग तस्कर को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुहैल (22), निवासी शास्त्री नगर, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली गोलियां और इंजेक्शन बरामद किए हैं, जिनमें ब्यूप्रेनोरफिन और नालोक्सोन की 25 गोलियां, फेनिरामाइन मैलिएट के 25 इंजेक्शन और 12 सीरिंज शामिल हैं। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

शाहदरा जिले के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि जिले में ऑटो-लिफ्टिंग, स्नैचिंग और लूटपाट जैसे अपराधों को रोकने के लिए पुलिस की “रोको-टोको” रणनीति के तहत सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 30 अप्रैल को एसआई जीतपाल, एएसआई अमित, कांस्टेबल अंकुर मान और यतेंद्र की टीम ड्रेन रोड/मास्टर प्लान रोड इलाके में गश्त पर थी। गश्त के दौरान पुलिस टीम को एक विश्वसनीय सूत्र से गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि सुहैल नाम का एक युवक अवैध बिक्री के लिए नशीली दवाओं और इंजेक्शनों की खेप लेकर आ रहा है।

पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर जाल बिछाया और संदिग्ध को घेराबंदी कर धर दबोचा। जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से प्रतिबंधित गोलियां, इंजेक्शन और सुइयां बरामद हुईं। बरामद सामान को तुरंत जब्त कर लिया गया और आरोपी के खिलाफ थाना जगतपुरी में धारा 22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

आरोपी सुहैल की उम्र 22 वर्ष है और अभी तक की जांच में उसका कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। प्राथमिक पूछताछ में यह पता चला है कि वह इन नशीले पदार्थों को अवैध रूप से बेचने और नशे के आदि लोगों तक पहुंचाने का काम कर रहा था। पुलिस अब सुहैल से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह ये नशीले पदार्थ कहां से लाता था और इस नेटवर्क में उसके साथ कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का मुख्य लक्ष्य इस ड्रग सप्लाई चेन के मुख्य स्रोत तक पहुंचना और उसे पूरी तरह से ध्वस्त करना है। इस कार्रवाई से इलाके में अवैध नशे का कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More