गश्त के दौरान पकड़ा गया शातिर नशा तस्कर, भारी मात्रा में स्मैक बरामद

नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली जिले के एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक शातिर नशा तस्कर को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आकाश उर्फ राका (27), निवासी जेजे कॉलोनी, इंदरपुरी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से 17.10 ग्राम स्मैक बरामद की है। आरोपी आकाश पहले भी चोरी के कई गंभीर मामलों में संलिप्त रहा है। इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दरदे शरद भास्कर ने बताया कि जिले में नशा तस्करों और ड्रग पैडलर्स के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। इसी क्रम में 28 अप्रैल को एंटी नारकोटिक्स सेल के हेड कांस्टेबल अनिल और कांस्टेबल विकास इंदरपुरी थाना क्षेत्र में नियमित गश्त पर तैनात थे। गश्त के दौरान जब टीम इंदरपुरी की जेजे कॉलोनी के पास पहुंची, तो उन्हें एक युवक संदिग्ध हालत में घूमता हुआ दिखाई दिया। पुलिस टीम को करीब आते देख आरोपी ने वहां से खिसकने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उसे मौके पर ही रोक लिया। जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके कब्जे से 17.10 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।

नशीले पदार्थ की बरामदगी के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ इंदरपुरी थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। इस पूरी कार्रवाई को एंटी नारकोटिक्स सेल के इंचार्ज इंस्पेक्टर मनीष कुमार वर्मा के नेतृत्व में एसआई चंद्रशेखर, एचसी अनिल और कांस्टेबल विकास की टीम ने अंजाम दिया। यह पूरी कार्रवाई एसीपी ऑपरेशंस विजय सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।

आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच करने पर पुलिस को पता चला कि आकाश उर्फ राका एक आदतन अपराधी है। वह इससे पहले राजौरी गार्डन और मोती नगर थाना क्षेत्रों में चोरी के चार अलग-अलग मामलों में शामिल रहा है। वह इलाके में नशा बेचने के साथ-साथ अन्य छोटी-मोटी आपराधिक वारदातों को भी अंजाम देता था।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन का पता लगाने की कोशिश कर रही है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि आरोपी यह स्मैक कहाँ से लेकर आता था और दिल्ली में उसे किन-किन लोगों को सप्लाई करने वाला था। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपी से पूछताछ के बाद इस नेटवर्क से जुड़े अन्य बड़े तस्करों की भी गिरफ्तारी हो सकती है। इस कार्रवाई से स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली है और पुलिस के इस कदम की सराहना की है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More