ड्रग अवेयरनेस वीक के दौरान दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन, सवा करोड़ की हेरोइन के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार

नई दिल्ली: बाहरी उत्तरी दिल्ली जिले के एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड ने ड्रग अवेयरनेस वीक के दौरान मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने नरेला इलाके में छापेमारी कर एक महिला ड्रग पेडलर को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से 179 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली हेरोइन बरामद हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस बरामद ड्रग्स की कीमत लगभग 1.25 करोड़ रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपी महिला की पहचान पिंकी (23), निवासी सेक्टर-A6, नरेला के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बाहरी उत्तरी जिले के एडिशनल डीसीपी अमित कौशिक ने बताया कि संयुक्त पुलिस आयुक्त (उत्तरी रेंज) विजय सिंह और डीसीपी हरेश्वर स्वामी के दिशा-निर्देशों पर जिले में नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत काम किया जा रहा है। इसी क्रम में 30 अप्रैल को एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड को एक पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी कि नरेला के सेक्टर-A6 में एक महिला भारी मात्रा में ड्रग्स के साथ मौजूद है। सूचना मिलते ही एसीपी ऑपरेशंस के मार्गदर्शन और एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड के इंचार्ज इंस्पेक्टर गौरव चौधरी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें एसआई संदीप, एएसआई पवन, हेड कांस्टेबल आशुदेव, हकीकत राय, विश्व देव, अरुण, प्रभात, अंकुश और महिला हेड कांस्टेबल सौभाग्यवती शामिल थे।

पुलिस टीम ने कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करते हुए नरेला स्थित चिन्हित स्थान पर योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की। छापेमारी के दौरान आरोपी पिंकी को हिरासत में लिया गया। जब उसके परिसर की सघन तलाशी ली गई, तो वहां से 179 ग्राम फाइन क्वालिटी हेरोइन बरामद हुई। बरामद नशीले पदार्थ को तुरंत जब्त कर लिया गया और आरोपी महिला के खिलाफ थाना नरेला में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21/25 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। 1 मई को आरोपी पिंकी को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में पता चला कि 23 वर्षीय पिंकी अनपढ़ है और वह इलाके में ड्रग्स की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर सप्लाई करने का काम कर रही थी। पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि इस तस्करी के पीछे के मुख्य स्रोत और पूरी सप्लाई चेन का भंडाफोड़ किया जा सके। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इतनी महंगी हेरोइन उसे कहां से सप्लाई की जा रही थी और वह दिल्ली में इसे किन-किन लोगों को बेचती थी।

पुलिस ने इस सफलता के साथ ही आम जनता के लिए एडवाइजरी भी जारी की है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास होने वाली किसी भी संदिग्ध नशीली गतिविधियों की सूचना तुरंत दें। इसके साथ ही माता-पिता को बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और संपत्ति मालिकों को किरायेदारों का उचित सत्यापन कराने की सलाह दी गई है ताकि उनकी संपत्ति का दुरुपयोग नशीले पदार्थों के भंडारण के लिए न हो सके। पुलिस का कहना है कि नशा मुक्त समाज बनाने के लिए जनता का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More