त्रिलोकपुरी में घर के पास खड़े युवक पर चाकुओं से हमला, हालत नाजुक

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार थाना क्षेत्र स्थित त्रिलोकपुरी इलाके में गुरुवार रात आपसी रंजिश के चलते दो हमलावरों ने एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले में आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, घटना 30 अप्रैल की रात करीब दस बजे की है। मयूर विहार थाने को सूचना मिली कि चाकूबाजी में घायल एक युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची। जांच में पता चला कि पीड़ित और शिकायतकर्ता त्रिलोकपुरी स्थित अपने घर के पास मौजूद थे, तभी दो परिचित युवक वहां पहुंचे और अचानक चाकू से हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

त्वरित कार्रवाई करते हुए मयूर विहार थाना पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जांच के लिए पुलिस की कई समर्पित टीमें गठित की गई हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों की पहचान हो चुकी है। आरोपियों को पकड़ने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और तकनीकी निगरानी की मदद ली जा रही है। साथ ही स्थानीय खुफिया तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों हमलावरों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More