स्कूटी से शराब सप्लाई करने वाला गिरोह पुलिस के हत्थे चढ़ा, 650 क्वार्टर शराब और स्कूटी जब्त

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिला पुलिस ने नवनियुक्त अभियान “नशे पर लगाम, देश को सलाम !!” के तहत अवैध शराब और नशीले पदार्थों के खिलाफ अपनी कार्रवाई को और तेज कर दिया है। जिला पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स सेल और स्थानीय थानों की टीमों ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर अवैध शराब की तस्करी में शामिल तीन बड़े सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 650 क्वार्टर हरियाणा निर्मित देशी शराब और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक स्कूटी बरामद की है। यह कार्रवाई दिल्ली को नशा मुक्त शहर बनाने के पुलिस के संकल्प को और मजबूती प्रदान करती है।

द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों की बिक्री पर पूर्ण अंकुश लगाना पुलिस की प्राथमिकता है। इसी क्रम में गुप्त सूचनाओं के आधार पर द्वारका जिले के विभिन्न इलाकों में लक्षित ऑपरेशन चलाए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गगन सिंह (40) निवासी बिंदापुर एक्सटेंशन, ध्रुव (23) निवासी मोहन गार्डन और राजू राम सांसी (23) निवासी चुरू, राजस्थान के रूप में हुई है।

पुलिस टीमों ने रणनीतिक तरीके से जाल बिछाकर इन आरोपियों को रंगे हाथों दबोचा। पहली और दूसरी बड़ी कार्रवाई उत्तम नगर थाना क्षेत्र में हुई, जहाँ आरोपी ध्रुव और राजू राम को अवैध शराब की खेप के साथ गिरफ्तार किया गया। इनके खिलाफ उत्तम नगर थाने में दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत दो एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं, तीसरी कार्रवाई बिंदापुर पुलिस द्वारा की गई, जिसमें आरोपी गगन सिंह को स्कूटी पर अवैध शराब ले जाते समय पकड़ा गया। इसके संबंध में बिंदापुर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।

पुलिस ने इन तीनों ऑपरेशंस के दौरान कुल 650 क्वार्टर अवैध देशी शराब बरामद की है, जिस पर ‘हरियाणा में बिक्री के लिए’ अंकित है। साथ ही अपराध में प्रयुक्त स्कूटी को भी जब्त कर लिया गया है। डीसीपी ने कहा कि अवैध शराब की बिक्री न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह समाज के स्वास्थ्य के लिए भी बड़ा खतरा है। पुलिस अब इन सप्लायरों के मुख्य स्रोतों का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है ताकि इस अवैध व्यापार की पूरी चेन को ध्वस्त किया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More