स्पोर्ट्स बाइक पर हेलमेट पहनकर स्नैचिंग करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो दबोचे गए, चोरी की बाइक बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के मध्य जिले की दरियागंज थाना पुलिस ने तकनीकी निगरानी और सटीक सीसीटीवी विश्लेषण के आधार पर स्नैचिंग करने वाले एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान मोहम्मद अयान (22) निवासी अमरोहा, यूपी और मोहम्मद अरशद उर्फ असद (22) निवासी शास्त्री पार्क, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की ‘बजाज डोमिनार’ स्पोर्ट्स मोटरसाइकिल बरामद की है। इस गिरफ्तारी से दरियागंज और कोतवाली थाने के कुल 5 मामलों का सफल खुलासा हुआ है।

मध्य जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 1 अप्रैल को राजघाट के पास वीर भूमि के सामने एक व्यक्ति से स्पोर्ट्स बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने मोबाइल छीन लिया था। आरोपियों ने हेलमेट पहना हुआ था ताकि उनकी पहचान न हो सके। इस संबंध में दरियागंज थाने में बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसीपी दरियागंज कमल शर्मा के मार्गदर्शन और एसएचओ देवेंद्र कौशिक के नेतृत्व में गठित टीम ने राजघाट से लेकर लक्ष्मी नगर तक के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए बाइक की अगली नंबर प्लेट पर सफेद टेप लगाया था और पिछली प्लेट को मोड़ दिया था। हालांकि, लक्ष्मी नगर इलाके में बाइक खड़ी करते समय उनके चेहरे सीसीटीवी में कैद हो गए, जो जांच में निर्णायक साबित हुए। इसी आधार पर पुलिस ने 9 अप्रैल को अयान को अमरोहा से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर वह स्पोर्ट्स बाइक बरामद हुई, जो 24 मार्च को डाबरी इलाके से चोरी की गई थी।

सह-आरोपी अरशद अयान की गिरफ्तारी के बाद से ही ठिकाने बदल रहा था, लेकिन पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस की मदद से उसे 24 अप्रैल को द्वारका के मधु विहार इलाके से दबोच लिया। पूछताछ में अरशद ने कबूल किया कि वे पिछले दो महीनों से रिंग रोड पर स्नैचिंग की कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। वे छीने गए मोबाइल फोन ‘अस्लम’ नामक रिसीवर को बेचते थे, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी मोहम्मद अरशद एक पेशेवर अपराधी है और उसके खिलाफ दिल्ली के अलग-अलग थानों जैसे आईपी एस्टेट, कोतवाली, शास्त्री पार्क और सिविल लाइंस में स्नैचिंग व चोरी के 13 मामले पहले से दर्ज हैं। आरोपी अयान के साथ मिलकर वह सुनसान रास्तों पर तेजी से बाइक चलाकर वारदात को अंजाम देता था। पुलिस अब इनके अन्य साथियों और लूटे गए मोबाइल फोनों की बरामदगी के लिए जांच कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More