राष्ट्रीय जजमेंट
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम को रोकने के लिए कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और इंडी गठबंधन के दूसरे दलों ने जो प्रयास किए उसके खिलाफ पूरे देश में नाराजगी है। इस कृत्य से विपक्षी दलों की नारी विरोधी सोच सामने आई है। देश की बहन और बेटियां इन दलों को कभी माफ नहीं करेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री भारत को एक नई पहचान दिला रहे हैं। प्रधानमंत्री ने हमेशा इस बात पर जोर दिया कि देश में चार ही जातियां हैं। इसमें नारी, गरीब, युवा और अन्नदाता किसान शामिल हैं। इन चारों में हमारा पूरा समाज समाहित होता है। यह एक विराट विजन है जिसके अनुरूप ये चारों वर्ग समग्र समाज और राष्ट्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। इसीलिए हमने उन्हें भारत की राजनीति का केंद्र बनाकर प्रत्येक योजना का लाभ इन वर्गों तक पहुंचाया है। पीएम मोदी ने इन वर्गों के आर्थिक स्वावलंबन, सम्मान व सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए दूरदर्शी सोच के तहत नए भारत और विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने का अभियान दिया है।
मुख्यमंत्री बोले, कि प्रधानमंत्री ने महिलाओं के लिए संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने, उनका प्रतिनिधित्व बढ़ाने का प्रयास किया। लेकिन, कांग्रेस व सपा समेत इंडी गठबंधन ने बाधा डाली और इसे पारित नहीं होने दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का ही परिणाम है कि आज हम सभी नए भारत के दर्शन कर रहे हैं। प्रधानमंत्री पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के दौरे के बाद सीधे काशी पहुंचे हैं। वह यहां नारी शक्ति से संवाद करने, मां गंगा, मां अन्नपूर्णा और बाबा विश्वनाथ को नमन करने आए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सब काशीवासी हैं लेकिन काशी के बारे में जो धारणा पहले थी वह पिछले 11 वर्षों में बदली है। काशी आज पूरी दुनिया के लिए आकर्षण का केंद्र बन गई है। काशी जो बाबा विश्वनाथ की शाश्वत चेतना का केंद्र बिंदु रही है, वह आज भव्य काशी विश्वनाथ धाम के रूप में पुनः हम सभी के सामने प्रकट हुई है। विरासत और विकास का अद्भुत समन्वय न केवल काशी बल्कि उत्तर प्रदेश और पूरे देश में दिखाई दे रहा है। प्रधानमंत्री ने जिस परिवर्तन की शुरुआत काशी से की, वह आज पूरे देश में स्पष्ट रूप से नजर आ रहा है। जिसने भारत की सनातन परंपरा को जीवंतता प्रदान की और भारत की आत्मा को अपने भीतर संजोए रखा, वही काशी आज एक नए कलेवर में दुनिया के सामने दिखाई दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी ने पिछले 11 वर्षों में विकास की लंबी यात्रा तय की है। इस दौरान प्रधानमंत्री के नेतृत्व में काशी को विकास के नए आयामों तक पहुंचाने का कार्य हुआ है। इनमें 35,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं काशी के धरातल पर उतर चुकी हैं जबकि 20,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं वर्तमान में प्रगति पर हैं। आज प्रधानमंत्री ने 6,300 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर काशी को विकास की एक नई सौगात दी है।
Comments are closed.