घरेलू सहायक ने की थी घर में चोरी, भारत नगर पुलिस ने गहनों के साथ किया महिला गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिले की भारत नगर थाना पुलिस ने घरेलू सहायिका द्वारा घर में की गई चोरी के एक सनसनीखेज मामले का त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आरती चौहान (23) के रूप में हुई है, जो कबीर नगर की रहने वाली है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने और हीरे के सभी कीमती आभूषण बरामद कर लिए हैं। इस कार्रवाई ने दिल्ली पुलिस की त्वरित जांच क्षमता और जनता के विश्वास को और अधिक सुदृढ़ किया है।

उत्तर-पश्चिम जिले की एडिशनल डीसीपी सिकंदर सिंह ने मामले का विवरण देते हुए बताया कि 27 अप्रैल को पीपी संगम पार्क में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी, जिसमें राणा प्रताप बाग निवासी 75 वर्षीय उर्मिला जैन ने अपने घर से कीमती जेवरात चोरी होने की सूचना दी थी। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए भारत नगर थाने में ई-एफआईआर दर्ज की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी अशोक विहार आकाश रावत के मार्गदर्शन और एसएचओ भारत नगर राम किशोर के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम गठित की गई। एसआई राजेश पिलानिया के नेतृत्व में टीम ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान घरेलू सहायिका आरती चौहान पर संदेह हुआ, जिसे घर में काम करने की पूरी अनुमति थी। पुलिस टीम द्वारा की गई सघन पूछताछ के दौरान आरती ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए गहनों का पूरा जखीरा बरामद कर लिया है, जिसमें 4 सोने की चूड़ियां, 4 सोने की चेन, 4 सोने की अंगूठियां, 2 कड़े, ब्रेसलेट, हीरे और सोने के ईयर टॉप्स, पेंडेंट और सोने की नथ शामिल हैं। डीसीपी ने बताया कि आरोपी पहली बार अपराध में शामिल पाई गई है और उसने केवल ‘आसान पैसा’ कमाने के लालच में इस वारदात को अंजाम दिया था। फिलहाल पुलिस अन्य पहलुओं की जांच कर रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि आरोपी किसी और साजिश में तो शामिल नहीं थी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More