‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत दिल्ली में अपराध पर लगाम: इस साल चले विशेष अभियान में 76 नशा तस्कर और 181 शराब माफिया गिरफ्तार, भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस ने संगठित अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ जारी अपने विशेष अभियान के तहत इस साल 29 मार्च तक शानदार उपलब्धियां हासिल की हैं। डीसीपी आकांक्षा यादव के नेतृत्व में जिला पुलिस ने नशा तस्करी, अवैध शराब, गैर-कानूनी हथियार और जुए के अड्डों के खिलाफ सघन अभियान चलाकर सैकड़ों अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया है। इस दौरान भारी मात्रा में मादक पदार्थ, अवैध हथियार और नकदी बरामद की गई है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत पुलिस ने 68 मामलों में 76 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनसे 102 किलो से अधिक गांजा, 54 ग्राम स्मैक, 11 ग्राम कोकीन और बड़ी मात्रा में अफीम का चूरा बरामद हुआ है। वहीं, अवैध शराब के खिलाफ चलाए गए अभियान में 177 मामलों में 181 तस्करों को दबोचा गया। पुलिस ने करीब 7901 लीटर अवैध शराब और 150 बीयर की बोतलें जब्त करने के साथ तस्करी में प्रयुक्त 7 वाहनों को भी कब्जे में लिया है।

पुलिस की कार्रवाई हथियारों के खिलाफ भी तेज रही। 116 मामलों में 126 लोगों को गिरफ्तार कर 21 पिस्टल, 39 जिंदा कारतूस और 99 धारदार चाकू/खंजर बरामद किए गए। साथ ही, 15 चोरी की गाड़ियां भी बरामद हुई हैं। वहीं, जुए के अड्डों पर छापेमारी कर 123 मामलों में 197 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया और 5.37 लाख रुपये से अधिक की नकदी बरामद की गई।

डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस ने बड़े स्तर पर निवारक कार्रवाई की है। इसके तहत 1694 लोगों को बीएनएसएस की धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया, 45,589 लोगों को हिरासत में लिया गया और 2,824 वाहनों को जब्त किया गया। साथ ही, 300 हिस्ट्रीशीटरों/बैड कैरेक्टर्स को भी गिरफ्तार किया गया है।

हाल ही में चलाए गए ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत लाल बाग, गुड़ मंडी, महेंद्र पार्क और वजीराबाद जेजे कॉलोनी जैसे संवेदनशील इलाकों में विशेष रेड डाली गई। पिछले दो दिनों में ही पुलिस ने 63.5 लीटर अवैध शराब, 25 जुआरियों, अवैध हथियारों के साथ 4 अपराधियों और 979 ग्राम गांजे के साथ 1 आरोपी को गिरफ्तार कर कानून का इकबाल बुलंद किया है। डीसीपी ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि शहर को और अधिक सुरक्षित बनाया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More