ऑपरेशन प्रहार के तहत पकड़े गए सैकड़ों आरोपी, अवैध सामग्री बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के उत्तर-पश्चिम जिले ने अपने विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत आपराधिक तत्वों और अवैध गतिविधियों पर नकेल कसते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। जिले भर में चलाए गए इस व्यापक अभियान का मुख्य उद्देश्य स्ट्रीट क्राइम को खत्म करना और आम नागरिकों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवैध शराब तस्करों, जुआरियों, हथियार रखने वाले अपराधियों और नशा तस्करों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में अवैध सामग्री जब्त की है।

अभियान के तहत पुलिस ने अवैध शराब के नेटवर्क को तोड़ते हुए 2 तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 63.5 लीटर अवैध शराब बरामद की है, जो पड़ोसी राज्यों से लाकर सप्लाई की जा रही थी। वहीं, जुआ गतिविधियों के खिलाफ छेड़े गए अभियान में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर 25 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से 1,08,019 रुपये नकद व जुआ सामग्री जब्त की गई। इसके अलावा, नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए गए अभियान में एक आरोपी को 979 ग्राम गांजे के साथ दबोचा गया है।

अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस की मुस्तैदी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आर्म्स एक्ट के तहत 4 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से 2 देसी कट्टे, 2 चाकू, 4 जिंदा कारतूस और एक चोरी की स्कूटी बरामद हुई है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला पुलिस ने निवारक कार्रवाई पर भी विशेष जोर दिया है। इसके अंतर्गत धारा 126/170 बीएनएसएस के तहत 39 लोग, धारा 40 आबकारी अधिनियम के तहत 58 लोग, और धारा 65 डीपी एक्ट के तहत 636 लोगों को हिरासत में लिया गया है। साथ ही, धारा 66 डीपी एक्ट के तहत 28 संदिग्ध वाहनों को भी जब्त किया गया है।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि यह अभियान अपराध मुक्त समाज बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस लगातार सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी रख रही है और अवैध गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस का यह ‘ऑपरेशन प्रहार’ आगे भी जारी रहेगा ताकि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More