इंद्रपुरी में दिनदहाड़े की 70 लाख की डकैती, मास्टरमाइंड कर्मचारी समेत 4 आरोपी गिरफ्तार, 53.40 लाख बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिम जिले की इंद्रपुरी थाना पुलिस ने इलाके में हुई 70 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट की वारदात का खुलासा करते हुए चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद कैफ (25), ऋषि यादव (22), सौरभ उर्फ बच्चा (23) और विकास (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से लूटी गई रकम में से 53.40 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। इस मामले की सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि लूट की साजिश का मास्टरमाइंड पीड़ित का अपना ही कर्मचारी ‘विकास’ निकला, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था।

पश्चिम जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने मामले का विवरण देते हुए बताया कि 31 मार्च की दोपहर करीब 3:30 बजे इंद्रपुरी के कृषि कुंज के पास तीन बदमाशों ने मोटरसाइकिल सवार होकर नकदी ले जा रहे दो कर्मचारियों को रोका और 70 लाख रुपये लूट लिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना इंद्रपुरी में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसीपी मायापुरी इंद्रराज मीणा और एसएचओ इंद्रपुरी कीर्ति याद के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें इंस्पेक्टर गोविंद सहाय मीणा, एसआई मनीष कौशिक और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

जांच के दौरान पुलिस ने जब तकनीकी और मैन्युअल इंटेलिजेंस के आधार पर काम किया, तो पाया कि पूरी वारदात के पीछे अंदरूनी जानकारी लीक होने का मामला है। पीड़ित के कर्मचारी विकास से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसने अपने साथियों मोहम्मद कैफ, ऋषि और सौरभ के साथ मिलकर इस आपराधिक षड्यंत्र को रचा था। पुलिस टीम ने लगातार दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में छापेमारी की और कड़ी निगरानी के बाद सभी चारों आरोपियों को दबोच लिया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों में ऋषि यादव और सौरभ उर्फ बच्चा पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं और उनके खिलाफ रन्होला थाने में मामले दर्ज हैं। आरोपी विकास, जो कि प्राइवेट नौकरी करता था, ने ही नकदी ले जाने की पूरी जानकारी अपने साथियों को दी थी।

डीसीपी ने बताया कि पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए न केवल आरोपियों को गिरफ्तार किया, बल्कि लूटी गई रकम का बड़ा हिस्सा (53.40 लाख रुपये) भी बरामद कर लिया है। फिलहाल पुलिस बाकी बची रकम की बरामदगी और इस साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More