लैपटॉप और आईपैड समेत लाखों का सामान बरामद, चोरी की दो बड़ी वारदातों का पुलिस ने किया पर्दाफाश, शातिर चोर गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी जिला पुलिस की पांडव नगर थाना टीम ने चोरी और सेंधमारी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने के आभूषण, नकदी, एक लैपटॉप और एक आईपैड बरामद किया है। इस गिरफ्तारी से पांडव नगर इलाके में हुई चोरी के दो बड़े मामलों का खुलासा हुआ है। पकड़े गए आरोपी की पहचान शिवम उर्फ कांचा (32) के रूप में हुई है, जो पहले भी चोरी और आर्म्स एक्ट के दर्जनों मामलों में शामिल रहा है।

पूर्वी जिला के डीसीपी राजीव कुमार ने मामले का विवरण देते हुए बताया कि 20 अप्रैल को पांडव नगर थाने में एक आवासीय मकान का ताला तोड़कर चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। चोर घर से सोने के गहने और नकदी लेकर फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ पांडव नगर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें हेड कांस्टेबल राजीव, नरेंद्र और प्रशांत शामिल थे।

पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों का गहन विश्लेषण किया और तकनीकी निगरानी के जरिए संदिग्धों को ट्रैक करना शुरू किया। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने संजय लेक पार्क के पास जाल बिछाया और शिवम उर्फ कांचा को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी की नकदी और आभूषण बरामद हुए।

पूछताछ के दौरान शिवम ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर पांडव नगर इलाके में ही एक और चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात कबूली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने त्रिलोकपुरी स्थित एक ठिकाने पर छापेमारी की, जहां से एक डेल लैपटॉप, एक आईपैड और बाकी बचा हुआ चोरी का माल बरामद किया गया।

डीसीपी ने बताया कि आरोपी एक आदतन अपराधी है और दिल्ली के मयूर विहार, गाजीपुर और बिंदापुर समेत विभिन्न थानों में उसके खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट और सेंधमारी के करीब 10 मामले दर्ज हैं। आरोपी उत्तर प्रदेश के दादरी का रहने वाला है और दिल्ली में घूम-घूमकर घरों को निशाना बनाता था। पुलिस अब उसके फरार साथी की तलाश कर रही है और उम्मीद है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने इस कार्रवाई से दो ई-एफआईआर का निस्तारण कर लिया है। पकड़े गए आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है, ताकि उसके अन्य ठिकानों के बारे में जानकारी मिल सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More