आनंद विहार के पास से अवैध हथियार के साथ शातिर अपराधी गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी जिला पुलिस ने अपराध रोकने की अपनी मुहिम में एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने आनंद विहार के पास से एक शातिर अपराधी को उस समय गिरफ्तार किया, जब वह चाकू की नोक पर लूटपाट या झपटमारी करने की फिराक में था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय उर्फ अजय (27) के रूप में हुई है, जो नंद नगरी थाने का घोषित बैड कैरेक्टर है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध बटनदार चाकू बरामद किया है।

पूर्वी जिला के डीसीपी राजीव कुमार ने मामले का विवरण देते हुए बताया कि जिले में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। 22 अप्रैल की रात करीब 10:20 बजे हेड कांस्टेबल हरमीत आनंद विहार स्थित आउट गेट, रोड नंबर-56 के पास पेट्रोलिंग कर रहे थे। उन्होंने एक युवक को संदिग्ध हालत में घूमते देखा। पुलिस को देखते ही युवक घबरा गया और रेलवे फ्लाईओवर की तरफ भागने लगा। हेड कांस्टेबल ने फुर्ती दिखाते हुए उसका पीछा किया और उसे धर दबोचा।

तलाशी लेने पर आरोपी के पास से एक बटनदार चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में विजय ने कबूल किया कि वह चाकू की नोक पर राहगीरों से मोबाइल लूटने या स्नैचिंग करने के इरादे से वहां घूम रहा था। लेकिन पुलिस की सतर्कता के कारण वह अपनी योजना को अंजाम नहीं दे सका। थाना पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि विजय एक आदतन अपराधी है और नंद नगरी थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ लूट, चोरी और झपटमारी के 7 से अधिक मामले पहले से दर्ज हैं। वह नशा का आदी है और अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए अक्सर अपराध का रास्ता अपनाता है।

डीसीपी ने बताया कि इस गिरफ्तारी से इलाके में किसी संभावित बड़ी वारदात को समय रहते रोक लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या वह किसी गैंग से जुड़ा हुआ है या अकेले ही इन वारदातों को अंजाम देता था। पकड़े गए आरोपी को अदालत में पेश कर दिया गया है और उससे पूछताछ जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More