एंटी-नारकोटिक्स सेल ने 6 किलो से अधिक गांजे के साथ नशा तस्करों का गिरोह को किया गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर जिला पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स सेल ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक बड़े नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया है। पुलिस ने एक विशेष अभियान के तहत तीन ड्रग पैडलर्स को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 6.322 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आजाद (31), मुकेश उर्फ मुर्देश (42) और शेख अलफाजुद्दीन (31) के रूप में हुई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल एक स्कूटर भी जब्त किया है।

उत्तर जिला के डीसीपी राजा बंठिया ने मामले का विवरण देते हुए बताया कि 16 अप्रैल को एंटी-नारकोटिक्स सेल को गुप्त सूचना मिली थी कि बुराड़ी के संत नगर स्थित शिव कुंज में आजाद नाम का एक व्यक्ति अपने घर से गांजा बेच रहा है। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर संजय सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें एसआई प्रवीण, एसआई जगबीर सिंह, एएसआई अशोक और हेड कांस्टेबल लेखराज व मनजीत शामिल थे। यह कार्रवाई एसीपी (ऑपरेशंस) विदुषी कौशिक के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस ने घर पर छापेमारी कर आजाद को 1.21 किलो गांजे के साथ पकड़ा।

पूछताछ में आजाद ने बताया कि वह गांजा मुकेश और राजेश नाम के सप्लायरों से खरीदता था। 17 अप्रैल को पुलिस ने आजाद की निशानदेही पर वजीराबाद इलाके से मुकेश उर्फ मुर्देश को दबोच लिया। उसके पास से 1.996 किलो गांजा बरामद हुआ, जो वह स्कूटर पर सप्लाई करने जा रहा था। मुकेश ने खुलासा किया कि वह यह गांजा जहांगीरपुरी निवासी शेख अलफाजुद्दीन से लेता था।

अंततः, 19 अप्रैल को पुलिस ने मुख्य सप्लायर शेख अलफाजुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया, जिसके पास से 3.116 किलो गांजा बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपियों में शेख अलफाजुद्दीन बेहद खतरनाक किस्म का अपराधी है, जो पहले भी हत्या और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों में लिप्त रहा है। वहीं मुकेश, जो मूल रूप से तमिलनाडु का रहने वाला है, लॉकडाउन के दौरान बेरोजगार होने के बाद इस धंधे में उतरा था।

डीसीपी ने बताया कि आजाद पिछले दो साल से, मुकेश एक साल से और अलफाजुद्दीन ढाई साल से इस अवैध धंधे में सक्रिय थे। तीनों आरोपी आसान पैसे कमाने के लिए नशा तस्करी कर रहे थे। पुलिस ने इस कार्रवाई से न केवल गांजे की एक बड़ी खेप बरामद की है, बल्कि ड्रग सप्लायरों की पूरी चेन को भी तोड़ दिया है। फिलहाल पुलिस इनसे जुड़े अन्य लोगों और गांजे के मुख्य स्रोत की तलाश कर रही है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा चुका है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More