पश्चिम बंगाल के दो शातिर चोरों ने दिल्ली में मचाया था आतंक, सदर बाजार पुलिस ने किया पर्दाफाश, जौहरी समेत तीन गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर जिले की सदर बाजार थाना पुलिस ने चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह और उनसे चोरी का माल खरीदने वाले एक जौहरी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई से सदर बाजार इलाके में हुई चोरी के 6 मामलों का खुलासा हुआ है। पकड़े गए चोरों की पहचान अनरुल मोमिन (36) और चांद मोहम्मद (30) के रूप में हुई है, जबकि गिरफ्तार जौहरी का नाम मिंटू हतुई (45) है। अनरुल मोमिन इलाके का एक आदतन अपराधी है और 5 मामलों में घोषित अपराधी भी है।

उत्तर जिला के डीसीपी राजा बंठिया ने मामले का विवरण देते हुए बताया कि 12 अप्रैल को बगीची रघुनाथ इलाके के रहने वाले जिले सिंह ने अपने घर में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि वह परिवार के साथ बाहर गए थे और पीछे से चोरों ने घर का ताला तोड़कर 1.41 लाख रुपये नकद और कीमती गहने पार कर दिए। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले को सुलझाने के लिए एसएचओ सदर बाजार इंस्पेक्टर सहदेव सिंह तोमर के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई, जिसमें एसआई योगेश कुमार, हेड कांस्टेबल मोहित बालियान, प्रदीप डागर और कांस्टेबल अमित, नवीन व सुमित शामिल थे। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे 2000 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने चोरों के रूट को मैप किया और 20 अप्रैल को कुतुब रोड रेलवे पार्किंग के पास से दोनों चोरों को दबोच लिया।

पूछताछ में पता चला कि मुख्य आरोपी अनरुल मोमिन पहले सदर बाजार में सफाईकर्मी का काम करता था, जिससे उसे इलाके की पूरी भौगोलिक जानकारी थी। वह और उसका साला चांद मोहम्मद मूल रूप से पश्चिम बंगाल के बीरभूम के रहने वाले हैं और वर्तमान में वजीराबाद में किराए के कमरे में रह रहे थे। अनरुल का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है और वह चोरी व आर्म्स एक्ट के 20 मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ साकेत और शास्त्री पार्क थानों में भी 5 मामलों में गिरफ्तारी वारंट जारी थे।

चोरों ने पूछताछ में खुलासा किया कि उन्होंने चुराया हुआ जेवरात उस्मानपुर इलाके के एक जौहरी मिंटू हतुई को बेचा था। पुलिस ने तुरंत उस्मानपुर में जौहरी की दुकान पर छापा मारा और मिंटू हतुई को भी गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर 240 ग्राम पिघली हुई चांदी बरामद की गई है। पुलिस ने चोरों के पास से 6,500 रुपये नकद, लैपटॉप, सोने-चांदी के आभूषण और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार भी जब्त किए हैं।

डीसीपी राजा बंठिया ने बताया कि इस गिरोह की गिरफ्तारी से पुलिस ने सदर बाजार थाने में दर्ज चोरी के 6 अलग-अलग मामलों को सुलझा लिया है। फिलहाल, तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि गिरोह की अन्य वारदातों और संपत्तियों का पता लगाया जा सके। पुलिस ने जौहरी की गिरफ्तारी को इस मामले में अहम कड़ी बताया है, क्योंकि इससे अपराधियों को माल खपाने के उनके ठिकाने का भी पता चला है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More