दिल्ली में खपाने के लिए लाई गई थी हरियाणा की शराब, पुलिस ने बीच रास्ते में 8 पेटी शराब के साथ तस्कर दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी जिला पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर एक और बड़ी चोट की है। मयूर विहार थाना पुलिस ने इलाके में पेट्रोलिंग के दौरान एक तस्कर को भारी मात्रा में हरियाणा मार्का अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 8 कार्टन बरामद हुए हैं, जिनमें कुल 400 क्वार्टर बोतलें शामिल हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान मंडावली निवासी श्याम सुंदर (61) के रूप में हुई है।

पूर्वी जिला के डीसीपी राजीव कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर लगाम लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत मयूर विहार थाने की एक टीम, जिसमें हेड कांस्टेबल मोहम्मद आसिफ, हेड कांस्टेबल सतेंद्र, कांस्टेबल हरिओम और कांस्टेबल अजय शामिल थे, अपने इलाके में सघन गश्त कर रही थी। यह पूरी कार्रवाई मयूर विहार के एटीओ इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार के पर्यवेक्षण और एसीपी मयूर विहार के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुई।

गश्त के दौरान 20 अप्रैल को दोपहर करीब 3:45 बजे जब टीम त्रिलोकपुरी के 29 ब्लॉक स्थित छोटा पार्क के पास पहुंची, तो उन्हें एक व्यक्ति पर संदेह हुआ। टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर जा रहा है। पुलिस को देखते ही संदिग्ध युवक ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे घेरकर पकड़ लिया।

आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से 8 कार्टन मिले, जिनमें ‘एडीएस देसी शराब – संतरा मसालेदार’ की 400 बोतलें थीं। इन सभी बोतलों पर ‘फॉर सेल इन हरियाणा ओनली’ लिखा हुआ था, जिससे स्पष्ट है कि इन्हें दिल्ली में अवैध रूप से बेचने के उद्देश्य से लाया गया था। पुलिस ने आरोपी श्याम सुंदर को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के खिलाफ थाना मयूर विहार में दिल्ली आबकारी अधिनियम की धारा 33 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीम अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि यह शराब हरियाणा से किस नेटवर्क के जरिए दिल्ली तक पहुंची और इसका मुख्य आपूर्तिकर्ता कौन है। पुलिस इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में भी जुटी है, ताकि इस अवैध धंधे की जड़ तक पहुंचा जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More