गोली चलाकर भाग रहे बदमाश को हेड कांस्टेबल ने अकेले दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी जिले की कल्याणपुरी थाना पुलिस ने साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए एक हथियारबंद बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिसकर्मी पर गोली भी चलाई, लेकिन हेड कांस्टेबल विक्रांत ने जान की परवाह न करते हुए अकेले ही उसका पीछा किया और उसे दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान त्रिलोकपुरी निवासी आसिफ उर्फ समीर उर्फ नेपाली (22) के रूप में हुई है। आरोपी के पास से एक अवैध देशी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की गई है।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि यह घटना 20 अप्रैल की रात करीब 2:25 बजे हुई। हेड कांस्टेबल विक्रांत अपने निजी वाहन से मयूर विहार की ओर जा रहे थे। जब वे त्रिलोकपुरी के ब्लॉक-25 स्थित कम्युनिटी बिल्डिंग के पास पहुंचे, तो उन्होंने एक संदिग्ध युवक को हथियार लिए देखा। हेड कांस्टेबल ने बिना समय गंवाए युवक को चुनौती दी और रुकने का इशारा किया।

पुलिस टीम की चुनौती से घबराए बदमाश ने तुरंत अपनी पिस्टल से हवा में एक राउंड फायरिंग की और लाल रंग की स्कूटी पर सवार होकर भागने की कोशिश की। इसके बावजूद हेड कांस्टेबल विक्रांत पीछे नहीं हटे और उन्होंने साहस का परिचय देते हुए बदमाश का पीछा किया और उसे काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध हथियार और गोलियां बरामद हुईं। घटना की सूचना मिलते ही कल्याणपुरी थाने की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कल्याणपुरी में बीएनएस की धारा 125 और आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत मामला दर्ज किया है।

जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी आसिफ उर्फ नेपाली एक आदतन अपराधी है और पहले भी कई गंभीर आपराधिक वारदातों में शामिल रहा है। उस पर थाना कल्याणपुरी में लूट और डकैती के प्रयास का मामला दर्ज है। इसके अलावा, मयूर विहार थाने में भी उसके खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में दो मामले दर्ज हैं। आरोपी की आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि वह उस रात किस इरादे से हथियार लेकर घूम रहा था और क्या वह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि उसके अन्य साथियों और अवैध हथियारों के स्रोत का पता लगाया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More