टैक्सी का शीशा तोड़कर की थी लूट, मौर्य एन्क्लेव पुलिस ने दो शातिर लुटेरे को पकड़ा, मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिला की मौर्य एन्क्लेव थाना पुलिस ने लूटपाट और स्नैचिंग की वारदातों में शामिल दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अंकित कुमार (26) और समीर (22) के रूप में हुई है, जो दोनों शकरपुर जेजे कॉलोनी के रहने वाले हैं। ये दोनों आरोपी इतने शातिर हैं कि इन पर पहले से ही लूटपाट, चोरी, आर्म्स एक्ट और सेंधमारी जैसे 32 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी अंकित कुमार थाना सुभाष प्लेस का घोषित ‘बैड कैरेक्टर’ भी है।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि 15 अप्रैल को टैक्सी चालक यासमीन अंसारी ने शिकायत दी थी कि वह पीतमपुरा में अपनी गाड़ी में सो रहा था, तभी अज्ञात लोगों ने शीशा तोड़कर उसके दो मोबाइल फोन लूट लिए। मौर्य एन्क्लेव पुलिस ने मामला दर्ज कर हेड कांस्टेबल बाबूलाल, धनेश, कांस्टेबल रविंदर पूनिया और राजू राम की टीम गठित की। एसीपी सुभाष प्लेस सृष्टि भट्ट की देखरेख में टीम ने तकनीकी निगरानी और सीसीटीवी कैमरों की मदद से लुटेरों का पता लगाया और उन्हें धर दबोचा।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल लिया है। उनके पास से लूटे गए दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं, जो सुभाष प्लेस थाना क्षेत्र से संबंधित थे। डीसीपी ने बताया कि आरोपी अंकित कुमार बेहद शातिर है और वह अकेले ही 30 मामलों में शामिल रहा है, जबकि उसका साथी समीर 2 मामलों में नामजद है।

उन्होंने बताया कि ये आरोपी आसान तरीके से पैसे कमाने के लालच में अपराध की दुनिया में आए थे और लंबे समय से दिल्ली के विभिन्न इलाकों में सक्रिय थे। पुलिस ने इनके पकड़े जाने से सुभाष प्लेस थाने के पुराने मामलों को सुलझाने का दावा किया है। फिलहाल पुलिस इनसे अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है ताकि लूटे गए अन्य सामान को भी बरामद किया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More