दिल्ली में सेवानिवृत्त आरबीआई कर्मचारी की हत्या, मंदिर मार्ग पुलिस ने सुलझाया केस, पति-पत्नी गिरफ्तार

नई दिल्ली: नई दिल्ली जिला की मंदिर मार्ग थाना पुलिस ने 63 वर्षीय सेवानिवृत्त आरबीआई कर्मचारी माधव राम की हत्या की सनसनीखेज वारदात को महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान आजाद उर्फ जाजू और उसकी पत्नी रुबीना के रूप में हुई है। आरोपी आजाद ने जहां हत्या की वारदात को अंजाम दिया, वहीं उसकी पत्नी रुबीना पर साक्ष्य मिटाने का आरोप है।

नई दिल्ली जिले के डीसीपी सचिन शर्मा ने बताया कि 19 अप्रैल की शाम करीब 5:36 बजे पुलिस को अंध विद्यालय के पास चाकू मारने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो माधव राम अपने घर की पहली मंजिल पर खून से लथपथ मिले। उन्हें लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक आरबीआई में एमटीएस पद से सेवानिवृत्त हुए थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी कनॉट प्लेस विवेक भगत और एसएचओ मंदिर मार्ग सतेन्द्र मोहन की देखरेख में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम में इंस्पेक्टर अरविंद कुमार, एसआई उमेश यादव, एएसआई राजेश, हेड कांस्टेबल रईस, मक्खन लाल और कांस्टेबल कान्हा राम शामिल थे। पुलिस ने फॉरेंसिक जांच, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय खुफिया तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की और उन्हें धर दबोचा।

पूछताछ में आरोपी आजाद ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि उसने मृतक से कुछ पैसों की मांग की थी, जिसे लेकर हुए विवाद के बाद उसने माधव राम पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। वहीं, आरोपी की पत्नी रुबीना ने खुलासा किया कि वारदात के बाद उसने सबूत मिटाने के लिए आजाद के खून से सने कपड़े धो दिए थे। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और वारदात में इस्तेमाल हथियार व अन्य साक्ष्यों को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More