मुंडका में लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन शातिर लुटेरे पुलिस की गिरफ्त में, लूटे गए गहने और नकदी बरामद

नई दिल्ली: बाहरी दिल्ली के मुंडका थाना पुलिस ने लूट की एक सनसनीखेज वारदात को महज 14 घंटे के भीतर सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रिंस (18.5 वर्ष), अमन (20 वर्ष) और कौशल (21 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया एक चांदी का कड़ा, एक चांदी की चेन और 2500 रुपये नकद बरामद किए हैं। इनमें से आरोपी प्रिंस पहले भी हत्या के एक मामले में शामिल रह चुका है।

बाहरी जिले के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि 16 अप्रैल को मुंडका थाने में विपिन कुमार यादव नामक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि वह ड्राइवर है और शाम के समय अपने दोस्तों विवेक और अजीत के साथ मुंडका-रणहोला रोड स्थित एक वेयरहाउस के पास खड़ा था। तभी 3-4 अज्ञात युवक वहां आए और उन्होंने मारपीट कर उनसे नकदी, चांदी का कड़ा और चेन लूट ली। विरोध करने पर लुटेरों ने अजीत के हाथ पर चोट पहुंचाई और फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने धारा 309(4), 309(6) और 3(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया था।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए नांगलोई के एसीपी नरेश सोलंकी की देखरेख में मुंडका थाना एसएचओ गुलशन कुमार गुप्ता के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई, जिसमें एसआई दीपक यादव, हेड कांस्टेबल संदीप, हेड कांस्टेबल कृष्ण और कांस्टेबल सोनू शामिल थे। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय खुफिया तंत्र को सक्रिय किया।

जांच के दौरान 17 अप्रैल को टीम को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी बक्करवाला स्थित द्वारका एक्सप्रेसवे के अंडरपास के पास छिपे हुए हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने तुरंत छापा मारा और तीनों आरोपियों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर प्रिंस के पास से लूटी गई चांदी की चेन, अमन से चांदी का कड़ा और कौशल के पास से नकदी बरामद हुई। पूछताछ में तीनों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और इनके अन्य आपराधिक इतिहास के बारे में जानकारी जुटा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More