दिल्ली में एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी का भंडाफोड़: क्राइम ब्रांच ने 57 सिलेंडरों के साथ आरोपी को दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (NR-1) ने कालाबाजारी और अवैध रूप से गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग करने वाले एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। रोहिणी के अमन विहार इलाके में की गई एक सुनियोजित छापेमारी के दौरान पुलिस ने 57 एचपी गैस सिलेंडरों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में एक टाटा पिकअप वाहन, वजन करने वाली मशीन और एलपीजी गैस स्थानांतरित करने वाले उपकरण भी जब्त किए गए हैं, जिनका इस्तेमाल इस अवैध धंधे में किया जा रहा था।

पुलिस के अनुसार, क्राइम ब्रांच की टीम को रोहिणी के रामा विहार इलाके में एलपीजी सिलेंडरों की अवैध होर्डिंग और रिफिलिंग के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। इस जानकारी पर त्वरित कार्रवाई करते हुए इंस्पेक्टर पुखराज सिंह के नेतृत्व में एक टीम ने सेक्टर-22, रोहिणी स्थित सुरसुमन गैस एजेंसी के पास छापेमारी की। वहां 55 वर्षीय लोकपाल नाम का व्यक्ति अवैध गतिविधियों में लिप्त पाया गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के पास से बरामद 57 सिलेंडरों में से 50 भरे हुए थे, 2 खाली थे और 5 सिलेंडरों में कम गैस पाई गई।

जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी लोकपाल स्वयं एक अधिकृत एचपी गैस एजेंसी का डिलीवरी मैन है। वह अपनी एजेंसी से मिले सिलेंडरों को ग्राहकों तक पहुंचाने के बजाय अपने वाहन में ही अवैध रूप से जमा कर लेता था। इसके बाद, वह अनधिकृत उपकरणों का उपयोग करके भरे हुए सिलेंडरों से गैस को निकालकर खाली सिलेंडरों में भरता था और उसे ऊंचे दामों पर खुले बाजार में बेच देता था। इस प्रकार वह सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर लाभ कमाने की जुगत में लगा था।

इस संबंध में पुलिस ने थाना क्राइम ब्रांच में प्राथमिकी को एसेंशियल कमोडिटीज एक्ट की धारा 3/7 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 125(3) के तहत मामला दर्ज किया है। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के एटा जिले का रहने वाला आरोपी लोकपाल पिछले 12 वर्षों से दिल्ली में रह रहा है। क्राइम ब्रांच अब इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More