होटल रेटिंग और रिव्यू का लालच देकर हड़पे 1.46 लाख; साइबर ठगों के सिंडिकेट को दिल्ली पुलिस ने किया ध्वस्त, दो गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तरी जिला की साइबर थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन सी-हॉक 4.0’ के तहत एक ऐसे साइबर गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो ऑनलाइन पार्ट-टाइम जॉब और निवेश के नाम पर लोगों को लाखों रुपये का चूना लगा रहा था। पुलिस ने लुधियाना और दिल्ली में चार दिन तक चले गहन ऑपरेशन के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह गूगल होटल रेटिंग और रिव्यू करने जैसे टास्क के बहाने युवाओं को फंसाता था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष (29 वर्ष) और पुनीत शर्मा (43 वर्ष) के रूप में हुई है।

उत्तरी जिले के डीसीपी राजा बांठिया ने बताया कि प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे पंकज द्विवेदी ने एनसीआरपी पोर्टल पर 1.46 लाख रुपये की ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित को टेलीग्राम के जरिए गूगल रिव्यू करने का पार्ट-टाइम काम देने का झांसा दिया गया। शुरुआत में छोटे टास्क में मुनाफा देकर उनका भरोसा जीता गया और फिर ‘प्रीपेड टास्क’ के नाम पर मोटी रकम निवेश कराई गई। जब पीड़ित ने निकासी की कोशिश की, तो उसे ‘गलती’ बताकर जोखिम शुल्क के नाम पर बार-बार पैसे मांगे गए और अंत में उसका अकाउंट फ्रीज बताकर उसे ठग लिया गया।

एसीपी ऑपरेशंस विदुषी कौशिक के मार्गदर्शन और साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रोहित गहलोत के नेतृत्व में एसआई अरविंद यादव, हेड कांस्टेबल हिमांशु, भरत और कांस्टेबल विजय की टीम ने इस रैकेट को तोड़ने के लिए तकनीकी जांच शुरू की। टीम ने व्हाट्सएप, आईपी लॉग्स और मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया और मनी ट्रेल को फॉलो करते हुए लुधियाना तक पहुंची। पुलिस ने 2 अप्रैल को लुधियाना के टिब्बा रोड से पुनीत शर्मा को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर मुख्य आरोपी मनीष को 4 अप्रैल को दिल्ली के किंग्सवे कैंप से धर दबोचा गया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी मनीष पेटीएम में काम करता था और दुकानों पर क्यूआर स्कैनर लगाने के कारण उसे बैंकिंग ऑपरेशंस की गहरी जानकारी थी। वह पुनीत शर्मा से 5 हजार रुपये में बैंक खाते खरीदता था और उन्हें आगे 15 हजार रुपये में अन्य साइबर ठगों को बेच देता था। आरोपी मनीष ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह पुलिस की गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। पुलिस ने आरोपियों के पास से 2 मोबाइल फोन और एक बैंक पासबुक बरामद की है। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक मुनाफे का लालच देने वाली ऐसी किसी भी ऑनलाइन स्कीम के झांसे में न आएं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More