दिल्ली में अंतर्राष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़: थाईलैंड से तस्करी होकर आया 25 लाख का गांजा बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के सेंट्रल जिला की आईपी एस्टेट थाना पुलिस ने एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए 1.03 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाला ‘इंपोर्टेड हाइड्रोपोनिक गांजा’ बरामद किया है। इस खेप की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 25 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। पुलिस ने मौके से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 4 लाख रुपये की नकदी भी जब्त की है, जो इस खेप की खरीद के लिए लाई गई थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फैजान रिजवी (24), रियाजुद्दीन (44) और नदीम बेग (42) के रूप में हुई है।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 14 अप्रैल को एएसआई राजकुमार गिरी को गुप्त सूचना मिली थी कि सुबह 4 बजे एमएएमसी कैंपस के पास ड्रग्स की एक बड़ी डील होने वाली है। सूचना मिलते ही कमला मार्केट के एसीपी राजीव भारद्वाज के सुपरविजन और आईपी एस्टेट थाना प्रभारी घनश्याम किशोर के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। टीम ने एमएएमसी गेट के पास जाल बिछाया। सुबह करीब 4:10 बजे पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आए और कुछ देर बाद स्कूटी पर एक तीसरा व्यक्ति पहुंचा। जैसे ही उन्होंने ड्रग्स के पैकेट और नकदी का आदान-प्रदान किया, पुलिस टीम ने तीनों को रंगे हाथों दबोच लिया।

जांच में सामने आया कि यह गांजा थाईलैंड से आयात किया गया था। पूछताछ के दौरान पता चला कि इस पूरे सिंडिकेट का सरगना मुजफ्फरनगर (यूपी) का रहने वाला शोएब रिजवी उर्फ ‘जेन’ है, जो वर्तमान में बैंकॉक, थाईलैंड से अपना नेटवर्क चला रहा है। वह वहीं बैठकर सप्लाई चेन, पैसों के लेनदेन और संचार चैनलों को नियंत्रित करता है। आरोपी नदीम अपने साथियों के जरिए ऐसे ‘कूरियर’ तैयार करता था जो थाईलैंड जाकर यह महंगा नशा भारत लाते थे। ये लोग पकड़े जाने से बचने के लिए अंतरराष्ट्रीय व्हाट्सएप नंबरों और बर्नर फोन का उपयोग करते थे।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद और मुजफ्फरनगर में कई स्थानों पर छापेमारी की है। मुख्य सरगना शोएब रिजवी के विदेश भागने की पुष्टि इमिग्रेशन रिकॉर्ड से हो गई है, जिसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की जा रही है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क को तोड़ने और इसके वित्तीय तथा लॉजिस्टिकल लिंक का पता लगाने के लिए एनडीपीएस एक्ट के तहत विस्तृत जांच कर रही है। पकड़े गए तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More