सुल्तानपुरी पुलिस ने अवैध पिस्तौल और जिंदा कारतूस के साथ शातिर अपराधी को दबोचा

नई दिल्ली:बाहरी दिल्ली के सुल्तानपुरी थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इलाके के एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से एक अवैध पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित उर्फ राहुल उर्फ बमायू (32 वर्ष) निवासी सुल्तानपुरी के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि आरोपी एक आदतन अपराधी है और पहले भी चोरी व लूट जैसे 24 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।

बाहरी जिले के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि 15 अप्रैल को सुल्तानपुरी थाने के हेड कांस्टेबल सुकेंदर और कांस्टेबल विष्णु इलाके में रूटीन गश्त पर थे। जब टीम डीएसआईडीसी बस टर्मिनल के पास पहुंची, तो उन्हें एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखते ही उस व्यक्ति ने अचानक यू-टर्न लिया और तेजी से भागने की कोशिश करने लगा।

संदेह होने पर सतर्क पुलिस टीम ने फुर्ती दिखाई और पीछा कर उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से दिल्ली पुलिस द्वारा प्रतिबंधित एक देसी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इस संबंध में सुल्तानपुरी थाने में आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

पुलिस रिकॉर्ड की जांच करने पर पता चला कि रोहित उर्फ बमायू अपराध की दुनिया का पुराना खिलाड़ी है। वह हत्या के प्रयास, लूट और चोरी जैसी संगीन वारदातों सहित कुल 24 मामलों में पहले भी नामजद हो चुका है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि वह अवैध हथियार कहाँ से लाया था और क्या वह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More