द्वारका एंटी-नारकोटिक्स सेल ने पकड़ी 20 लाख की हेरोइन, महिला तस्कर समेत दो गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिला पुलिस ने नशा तस्करों की कमर तोड़ते हुए भारी मात्रा में हेरोइन बरामद की है। एंटी-नारकोटिक्स सेल की टीम ने उत्तम नगर इलाके में छापेमारी कर एक महिला समेत दो ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 123 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग ₹20 लाख आंकी गई है।

द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह और एडिशनल डीसीपी-I निहारिका भट्ट के निर्देशानुसार, जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ युद्ध स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। एसीपी ऑपरेशंस सुभाष मलिक और एंटी-नारकोटिक्स सेल के प्रभारी इंस्पेक्टर सुभाष चंद के नेतृत्व में एसआई सुनील, नवीन, महिला हेड कांस्टेबल मनेश कुमारी और उनकी टीम लगातार हाल ही में जेल से छूटे ड्रग पेडलर्स पर नजर रख रही थी।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि नदीम (26 वर्ष), जो दिसंबर 2025 में ही एनडीपीएस एक्ट के मामले में जमानत पर बाहर आया था, दोबारा सक्रिय हो गया है। 11 अप्रैल को सटीक जानकारी मिली कि नदीम हसतसाल विहार में पूजा उर्फ बरखा (37 वर्ष) को हेरोइन की सप्लाई देने आने वाला है। पुलिस ने तुरंत जाल बिछाया और उत्तम नगर स्थित एक घर से दोनों को धर दबोचा। तलाशी के दौरान पूजा के पास से 56 ग्राम और नदीम के पास से 67 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके अलावा, पुलिस ने ₹52,830/- की ‘ड्रग मनी’ भी जब्त की है।

गिरफ्तार महिला आरोपी पूजा का पति पहले ही डकैती के एक मामले में तिहाड़ जेल में बंद है। वहीं नदीम एक आदतन अपराधी है। ये लोग मुख्य रूप से कम आय वाले वर्ग जैसे दिहाड़ी मजदूरों, रेहड़ी-पटरी वालों और ई-रिक्शा चालकों को निशाना बनाते थे और उन्हें छोटी-छोटी पुड़िया में नशा बेचते थे। पुलिस अब इस सिंडिकेट के अन्य सदस्यों और मुख्य सप्लायर की तलाश कर रही है। आरोपियों के खिलाफ उत्तम नगर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More