मदद मांगने के बहाने कार का शीशा खुलवाकर बैग उड़ाने वाला गिरोह बेनकाब, एक गिरफ्तार, ज्वेलरी और कनाडाई डॉलर समेत सारा सामान बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम जिला की कैंट थाना पुलिस के अंतर्गत सुब्रतो पार्क चौकी की टीम ने ‘ठक-ठक’ गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से लूटे गए सोने व हीरे के गहने, 3000 कनाडाई डॉलर, भारतीय करेंसी, मोबाइल फोन और पीड़ित का पासपोर्ट व पीआर कार्ड बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुणाल (24 वर्ष) निवासी मदनगीर, दिल्ली के रूप में हुई है।

दक्षिण-पश्चिम जिले के डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि 12 अप्रैल 2026 को दीदार सिंह नाम के व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि धौला कुआं रिंग रोड के पास दो लड़कों ने मदद मांगने के बहाने उनकी टैक्सी रुकवाई। जब पीड़ित ने शीशा नीचे किया, तो एक आरोपी ने उनका ध्यान भटकाया और दूसरे ने गाड़ी में रखा बैग पार कर दिया। बैग में कीमती जेवरात, विदेशी मुद्रा और जरूरी दस्तावेज थे। इस संबंध में दिल्ली कैंट थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी।

एसीपी दिल्ली कैंट अनिल कुमार के मार्गदर्शन और एसएचओ श्योराम यादव के नेतृत्व में सुब्रतो पार्क चौकी प्रभारी एसआई जसबीर मलिक, एसआई मनीष मीणा और उनकी टीम ने जांच शुरू की। टीम ने रिंग रोड, रिज रोड और टोडापुर इलाके के दर्जनों सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण और स्थानीय मुखबिरों की मदद से पुलिस ने आरोपी कुणाल को मदनगीर से धर दबोचा। आरोपी के पास से लूट का सारा सामान और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद कर ली गई है।

आरोपी कुणाल एक आदतन अपराधी है और उस पर पहले से ही चोरी व आर्म्स एक्ट के आठ मामले दर्ज हैं। पूछताछ में उसने बताया कि वे अक्सर रिंग रोड पर भारी ट्रैफिक जाम वाले इलाकों को चुनते थे ताकि वारदात के बाद स्कूटी से आसानी से निकल सकें। ये लोग अक्सर मदद मांगने या रास्ता पूछने के बहाने कार का शीशा खटखटाते थे और जैसे ही ड्राइवर का ध्यान भटकता, दूसरा साथी दूसरी तरफ से सामान उड़ा लेता था।

पुलिस के अनुसार, इस गिरफ्तारी से दिल्ली कैंट इलाके में हुई चोरी की चार बड़ी वारदातें सुलझ गई हैं। पुलिस अब कुणाल के दूसरे साथी की तलाश कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उन्होंने और कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है। आरोपी को अदालत में पेश कर दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More