प्रसाद नगर पुलिस ने शातिर सेंधमार को दबोचा; चोरी के मोबाइल समेत घर का सामान बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के सेंट्रल जिला की प्रसाद नगर थाना पुलिस ने स्थानीय निवासियों के सहयोग से एक शातिर चोर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का एक मोबाइल फोन, पानी का मीटर, पानी की मोटर और एयर कंडीशनर में इस्तेमाल होने वाले तांबे के पाइप व तार बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूरज (22 वर्ष) निवासी देव नगर, करोल बाग के रूप में हुई है। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने प्रसाद नगर थाने में दर्ज चोरी की 3 अलग-अलग ई-एफआईआर के मामलों को सुलझा लिया है।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 14 अप्रैल को प्रसाद नगर थाने में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई, जिसमें एक स्थानीय नागरिक ने एक संदिग्ध चोर को पकड़ने की सूचना दी। सूचना मिलते ही एसआई राहुल मेहता मौके पर पहुंचे, जहां शिकायतकर्ता ने आरोपी को पहले से पकड़ रखा था। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी ने उसके घर में घुसपैठ की थी और उसे शक था कि वह 30 मार्च को हुई पिछली चोरी में भी शामिल था।

एसीपी करोल बाग शिवम के मार्गदर्शन और एसएचओ सुभाष चंद्र के नेतृत्व में गठित टीम (एसआई राहुल मेहता, हेड कांस्टेबल विनीत, कांस्टेबल हर्ष और अजय) ने जब आरोपी सूरज से कड़ी पूछताछ की, तो उसने 30 मार्च की चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसने बताया कि उसने देव नगर स्थित अपने घर में चोरी का माल छिपा रखा है। पुलिस ने तुरंत छापेमारी कर आरोपी के पास से एक ओप्पो मोबाइल फोन और एक बोरा बरामद किया, जिसमें पानी का मीटर, मोटर और भारी मात्रा में तांबे के तार व पाइप भरे हुए थे।

जांच में सामने आया कि ये सभी सामान प्रसाद नगर थाने में दर्ज तीन अलग-अलग चोरी के मामलों से संबंधित हैं। पुलिस ने 30 मार्च की घटना के सीसीटीवी फुटेज का भी मिलान किया, जिसमें आरोपी की पहचान स्पष्ट हो गई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह इलाके में बंद घरों और छतों को निशाना बनाकर चोरी करता था। आरोपी सूरज को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 15 अप्रैल को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या वह किसी बड़े कबाड़ गिरोह के संपर्क में था। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More